भोपाल, 21 मई ।
मध्य प्रदेश पुलिस ने प्रदेशभर में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए गए अभियान के तहत दो दिनों में लगभग 1 करोड़ 49 लाख रुपये से अधिक मूल्य के नशीले पदार्थ और तस्करी से जुड़ी सामग्री जब्त कर बड़ी सफलता हासिल की है, जिसमें गांजा, स्मैक, डोडा चूरा, कफ सिरप और नशीले इंजेक्शन शामिल हैं।
पुलिस मुख्यालय के अनुसार इंदौर में अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार कर लगभग 1 करोड़ रुपये मूल्य की एमडी ड्रग्स और अवैध हथियार जब्त किए गए, जिससे बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश हुआ है।
सीधी जिले में ‘ऑपरेशन प्रहार 2.0’ के तहत कमर्जी पुलिस ने 912 शीशी ऑनरेक्स कफ सिरप और एक बोलेरो वाहन जब्त किया, जबकि कोतवाली और जमोड़ी पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में 208 शीशी कफ सिरप तथा एक आल्टो कार बरामद कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया।
मऊगंज जिले में लौर पुलिस ने एक महिला आरोपी को गिरफ्तार कर 1200 शीशी प्रतिबंधित कफ सिरप जब्त की, वहीं अनूपपुर में 56 किलोग्राम गांजा पकड़ा गया जिसकी कीमत लाखों में आंकी गई है।
शिवपुरी में स्मैक बिक्री करते हुए एक आरोपी से 15.82 ग्राम स्मैक और वाहन जब्त किया गया, जबकि श्योपुर में चार तस्करों को गिरफ्तार कर 38.48 ग्राम स्मैक और दो मोटरसाइकिलें बरामद की गईं।
गुना जिले में 28 किलो से अधिक गांजा और दो वाहन जब्त किए गए, साथ ही अन्य थाना क्षेत्रों में भी गांजा और स्मैक तस्करों की गिरफ्तारी के साथ लगातार कार्रवाई जारी रही।
भोपाल जीआरपी ने भी 14 किलो से अधिक गांजा जब्त किया, जबकि जबलपुर में नशीले इंजेक्शन और गांजा के अवैध कारोबार में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार कर बड़ी मात्रा में सामग्री बरामद की गई।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल नजदीकी थाना या डायल 112 पर दें ताकि नशे के अवैध कारोबार पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित किया जा सके।






.jpg)







