सोनभद्र, 21 मई ।
साइबर थाना पुलिस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम सहित विभिन्न इंटरनेट साइटों पर अश्लील एवं चाइल्ड पोर्नोग्राफिक सामग्री अपलोड और शेयर करने के मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया है, जिससे जिले में साइबर अपराध से जुड़े नेटवर्क का खुलासा हुआ है।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के अनुसार गृह मंत्रालय भारत सरकार की एनसीएमईसी टीम द्वारा मिली सूचना के आधार पर कार्रवाई की गई, जिसमें बताया गया था कि सोनभद्र से कुछ यूजर्स द्वारा आपत्तिजनक सामग्री ऑनलाइन साझा की जा रही है।
सूचना के बाद साइबर सेल और साइबर थाना टीम ने तकनीकी जांच करते हुए संबंधित मोबाइल डिटेल, आईपी एड्रेस और प्रोफाइल का विश्लेषण किया, जिसके आधार पर दोनों आरोपियों की पहचान की गई।
इसके बाद साइबर थाना प्रभारी धीरेन्द्र कुमार चौधरी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों सैफ पुत्र खजमुद्दीन निवासी वार्ड नंबर-09 रामनगर दुद्धी और राहुल कुमार पुत्र रामकिशुन निवासी गुरुद्वारा गली, चोपन रोड ओबरा को गिरफ्तार किया।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे सोशल मीडिया ग्रुप के माध्यम से वीडियो साझा करते थे और अधिक व्यूज एवं आर्थिक लाभ प्राप्त करने के उद्देश्य से ऐसी सामग्री को प्लेटफॉर्म पर अपलोड किया जाता था।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ आईटी एक्ट सहित संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है और उनके डिवाइस की भी जांच की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक ने आमजन से अपील की है कि किसी भी प्रकार की अश्लील, आपत्तिजनक या बाल यौन शोषण से जुड़ी सामग्री को सोशल मीडिया पर साझा न करें, क्योंकि यह गंभीर साइबर अपराध की श्रेणी में आता है।




.jpg)

.jpg)






