बिजनौर, 21 मई ।
स्योहारा थाना पुलिस ने महिला की हत्या कर साक्ष्य मिटाने के मामले का खुलासा करते हुए एक वांछित आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है तथा उसकी निशानदेही पर जंगल से अधजले शव के अवशेष और हड्डियां बरामद की गई हैं।
पुलिस के अनुसार 20 मई को अफजलगढ़ थाना क्षेत्र के अनवरपुर चंडिका गांव निवासी सतवीर सिंह ने अपनी बहन पिंकी की हत्या का आरोप उसके ससुराल पक्ष पर लगाते हुए स्योहारा थाने में तहरीर दी थी।
आरोप है कि पिंकी को लंबे समय से प्रताड़ित किया जा रहा था और उसके साथ मारपीट भी की जाती थी, जिसके बाद उसकी हत्या कर शव को साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से रात में रामगंगा क्षेत्र के जंगल में जला दिया गया।
तहरीर के आधार पर स्योहारा थाना पुलिस ने सुनील कुमार, जोगेंद्र और धर्मेंद्र निवासी ग्राम बेरखेड़ा के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की, जिसकी जिम्मेदारी प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार को सौंपी गई।
जांच के दौरान पुलिस ने मुख्य आरोपी सुनील कुमार को गिरफ्तार कर लिया, जिसने पूछताछ में अपराध स्वीकार करते हुए जंगल में शव जलाने की जगह की निशानदेही की।
निशानदेही के आधार पर पुलिस ने मौके से अधजले शव का टुकड़ा और हड्डियां बरामद कीं, जिन्हें कब्जे में लेकर सील कर फोरेंसिक जांच के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई, जबकि गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है और अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।






.jpg)






