किशनगंज, 21 मई ।
किशनगंज पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय आपराधिक गिरोह के सरगना पवन कुमार उर्फ चिंटू को मुठभेड़ में घायल कर गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसके एक सहयोगी पंकज कुमार उर्फ छोटू यादव को एसटीएफ की मदद से पकड़ लिया गया।
पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार के अनुसार 20 मई की रात सूचना मिली थी कि फरिंगगोला रेलवे गुमटी के पास कुछ अपराधी किसी बड़ी वारदात की योजना बना रहे हैं, जिसके बाद पुलिस टीम गठित कर इलाके में सघन अभियान चलाया गया।
इसी दौरान रात करीब 10:30 बजे एक संदिग्ध युवक बिना नंबर की मोटरसाइकिल से भागने लगा, जिसे रोकने का प्रयास करने पर उसने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी और जवाबी कार्रवाई में मुठभेड़ हो गई।
बाइक अनियंत्रित होकर गिरने के बाद भी आरोपी लगातार गोली चलाता रहा और आत्मसमर्पण की चेतावनी के बावजूद नहीं रुका, जिसके बाद आत्मरक्षा में पुलिस ने फायरिंग की, जिसमें उसके पैर में गोली लग गई और वह घायल हो गया।
मुठभेड़ में दो पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा गया है, जबकि घायल अपराधी की पहचान कटिहार जिले के रौतारा थाना क्षेत्र निवासी पवन कुमार उर्फ चिंटू के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार आरोपी लूट, छिनतई और बाइक चोरी के अंतरराज्यीय गिरोह का सरगना है और उसके खिलाफ कई जिलों में दर्जनों आपराधिक मामले दर्ज हैं।
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह अपने गिरोह के साथ व्यवसायी से लूट की योजना बना रहा था, जिसके आधार पर एसटीएफ की मदद से रामपुर चेकपोस्ट के पास से उसके सहयोगी पंकज कुमार उर्फ छोटू यादव को भी गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने मौके से हथियार, कारतूस, चोरी की मोटरसाइकिल, मास्टर चाबी, नकदी, भूटानी मुद्रा और अन्य सामान बरामद किया है तथा मामले में कई आपराधिक धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।




.jpg)

.jpg)






