भोपाल, 22 मई।
मध्य प्रदेश के श्रमिकों एवं उनके परिवारों को आयुर्वेद, होम्योपैथी और यूनानी चिकित्सा सेवाओं का सरल और सुगम लाभ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आयुष विभाग और श्रम विभाग के बीच आज शुक्रवार को आयुष चिकित्सा सेवाओं के एकीकरण को लेकर समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए जाएंगे।
इस पहल का मुख्य उद्देश्य श्रमिक वर्ग तक पारंपरिक चिकित्सा प्रणालियों की पहुंच को और अधिक प्रभावी बनाना है।
जनसम्पर्क अधिकारी राजेश दाहिमा ने जानकारी देते हुए बताया कि मंत्रालय स्थित सभाकक्ष में प्रातः 11 बजे यह कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
इस कार्यक्रम में पंचायत, ग्रामीण विकास एवं श्रम मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता उच्च शिक्षा, तकनीकी शिक्षा एवं आयुष मंत्री इन्दर सिंह परमार करेंगे।
इसके साथ ही आयुष विभाग के प्रमुख सचिव शोभित जैन तथा श्रम विभाग के सचिव रघुराज एम आर सहित दोनों विभागों के वरिष्ठ अधिकारी भी कार्यक्रम में शामिल रहेंगे।
यह समझौता ज्ञापन श्रमिकों के लिए स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच को मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।






.jpg)







