कोलकाता, 22 मई।
बहुचर्चित चंद्रनाथ रथ हत्याकांड की गुत्थी सुलझाने में जुटी केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) को एक और बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। इस मामले में अब छठा आरोपी भी शिकंजे में आ गया है। उत्तर प्रदेश के बलिया जिले से गिरफ्तार किए गए इस आरोपी की पहचान नवीन कुमार सिंह (35) के तौर पर हुई है, जो फेफना थाना क्षेत्र के थम्हनपुरा गांव का रहने वाला है। सीबीआई ने स्थानीय पुलिस के साथ तालमेल बिठाकर इस संयुक्त कार्रवाई को अंजाम दिया।
जांचकर्ताओं के अनुसार, नवीन के पास से भारी मात्रा में हथियार और कारतूस बरामद किए गए हैं। पुलिस को शक है कि इन्हीं हथियारों का इस्तेमाल हत्याकांड में किया गया होगा। बरामद हथियारों को फॉरेंसिक लैब भेजा गया है ताकि इस संबंध में पुख्ता सबूत जुटाए जा सकें। पूछताछ में नवीन ने कबूल किया कि सात मई को मन्नू, राज कुमार सिंह और गोलू सिंह उससे मिले थे, जिसके बाद मन्नू ने उसे हथियारों से भरा बैग सौंपा था।
नवीन की निशानदेही पर एसटीएफ ने एक कार शोरूम के पास से तीन पिस्तौल, दो रिवॉल्वर और दर्जनों जिंदा कारतूस बरामद किए। इनमें एक अमेरिकी निर्मित पिस्तौल भी शामिल है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए सीबीआई ने अदालत में याचिका दायर कर राज सिंह को रिहा करने की मांग की है, क्योंकि यह गिरफ्तारी एसआईटी की गलती के कारण हुई थी, जबकि असली आरोपी राज कुमार सिंह को पहले ही मुजफ्फरनगर से पकड़ा जा चुका है।
फिलहाल, मन्नू और गोलू सिंह जैसे मुख्य अपराधी अभी भी कानून की पकड़ से बाहर हैं, जिनकी तलाश में सीबीआई की टीमें जुटी हुई हैं। गिरफ्तार नवीन कुमार सिंह को बलिया की स्थानीय अदालत में पेश किया गया, जिसके बाद उसे न्यायिक हिरासत में मऊ जेल भेज दिया गया है। गौरतलब है कि छह मई को उत्तर 24 परगना में चंद्रनाथ रथ की बेहद करीब से गोली मारकर नृशंस हत्या कर दी गई थी।






.jpg)







