नई दिल्ली, 22 मई।
इंडियन प्रीमियर लीग 2026 में गुजरात टाइटंस की अहमदाबाद में चेन्नई सुपर किंग्स पर 89 रन की जीत के बाद ऑरेंज कैप और पर्पल कैप की प्रतिस्पर्धा और अधिक रोमांचक हो गई है। बल्लेबाजी में गुजरात टाइटंस के सलामी बल्लेबाज साई सुदर्शन और शुभमन गिल शीर्ष स्थानों पर बने हुए हैं, जबकि गेंदबाजी में कगिसो रबाडा ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के भुवनेश्वर कुमार की बराबरी कर ली है।
ऑरेंज कैप की दौड़ में गुजरात टाइटंस के कप्तान शुभमन गिल ने चेन्नई के खिलाफ 37 गेंदों में 64 रन बनाकर पहले ऑरेंज कैप पर कब्जा किया था। मैच से पूर्व उनके 552 रन थे, जबकि उनके सलामी जोड़ीदार साई सुदर्शन 554 रन के साथ उनसे आगे थे।
इसके बाद साई सुदर्शन ने 53 गेंदों में 84 रन की शानदार पारी खेलकर पुनः ऑरेंज कैप अपने नाम कर ली। अब उनके खाते में 638 रन दर्ज हैं, जबकि शुभमन गिल 616 रन के साथ दूसरे स्थान पर हैं।
ऑरेंज कैप तालिका में तीसरे स्थान पर राजस्थान रॉयल्स के वैभव सूर्यवंशी हैं, जिनके नाम 579 रन हैं। चौथे स्थान पर लखनऊ सुपर जायंट्स के मिचेल मार्श 563 रन के साथ और पांचवें स्थान पर सनराइजर्स हैदराबाद के हेनरिक क्लासेन 555 रन के साथ मौजूद हैं।
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली भी रेस में बने हुए हैं और 542 रन के साथ छठे स्थान पर हैं।
पर्पल कैप की दौड़ में लंबे समय से आगे चल रहे रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार को गुजरात टाइटंस के कगिसो रबाडा ने चेन्नई के खिलाफ 3 विकेट लेकर बराबरी पर ला दिया है।
दोनों गेंदबाजों के खाते में अब 24-24 विकेट हैं, हालांकि बेहतर इकॉनमी रेट 7.70 के कारण पर्पल कैप फिलहाल भुवनेश्वर कुमार के पास है, जबकि रबाडा की इकॉनमी 9.18 दर्ज है।
चेन्नई के खिलाफ मोहम्मद सिराज ने भी प्रभावशाली गेंदबाजी करते हुए 3 विकेट झटके, जिससे उनके विकेटों की संख्या 17 हो गई और वह सातवें स्थान पर पहुंच गए हैं।
चेन्नई सुपर किंग्स के अंशुल कंबोज ने साई सुदर्शन को आउट कर अपने विकेटों की संख्या 21 तक पहुंचाई और तीसरे स्थान पर आ गए हैं। वहीं गुजरात टाइटंस के राशिद खान ने 3 विकेट लेकर 19 विकेट पूरे किए और चौथे स्थान पर पहुंच गए हैं।
राजस्थान रॉयल्स के जोफ्रा आर्चर और कोलकाता नाइट राइडर्स के कार्तिक त्यागी 18-18 विकेट के साथ उनके पीछे बने हुए हैं।






.jpg)







