नई दिल्ली, 22 मई।
ऋतुराज गायकवाड़ की कप्तानी वाली चेन्नई सुपर किंग्स पर इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के 66वें मुकाबले में धीमी ओवर गति बनाए रखने को लेकर कार्रवाई की गई है। आईपीएल आचार संहिता के अनुच्छेद 2.22 के तहत कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ पर 24 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है।
यह इस सत्र में चेन्नई सुपर किंग्स का दूसरा धीमी ओवर गति का उल्लंघन है। इससे पहले टीम पर मैच संख्या 18 में भी इसी कारण कार्रवाई की जा चुकी थी। नियमों के अनुसार दूसरी बार दोषी पाए जाने पर कप्तान पर अधिक दंड लगाया जाता है।
इसके अतिरिक्त प्लेइंग इलेवन में शामिल सभी खिलाड़ियों और इम्पैक्ट प्लेयर पर भी जुर्माना लगाया गया है। खिलाड़ियों को उनकी मैच फीस का 25 प्रतिशत या 6 लाख रुपये, जो भी कम हो, दंड स्वरूप देना होगा।
अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में गुरुवार को खेले गए मुकाबले में गुजरात टाइटंस ने चेन्नई सुपर किंग्स को 89 रन से पराजित किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए गुजरात टाइटंस ने 20 ओवर में 4 विकेट पर 229 रन बनाए।
टीम की ओर से साई सुदर्शन ने 53 गेंदों में 84 रन की शानदार पारी खेली, जबकि कप्तान शुभमन गिल ने 37 गेंदों में 64 रन बनाए। दोनों ने पहले विकेट के लिए 125 रन की साझेदारी की। अंत में जोस बटलर ने 27 गेंदों में नाबाद 57 रन जोड़कर टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचाया।
लक्ष्य का पीछा करते हुए चेन्नई सुपर किंग्स की शुरुआत बेहद खराब रही। संजू सैमसन बिना खाता खोले आउट हो गए, जबकि कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ केवल 16 रन बना सके।
शिवम दुबे ने 17 गेंदों में 47 रन की आक्रामक पारी खेलकर संघर्ष जरूर किया, लेकिन उनके आउट होने के बाद पूरी टीम 13.4 ओवर में 140 रन पर ढेर हो गई।
गुजरात की ओर से मोहम्मद सिराज और कगिसो रबाडा ने तीन-तीन विकेट लेकर चेन्नई के शीर्ष क्रम को ध्वस्त किया, जबकि राशिद खान ने भी तीन विकेट हासिल किए।
मोहम्मद सिराज को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया।





.jpg)







