काठमांडू, 22 मई।
नेपाल में बढ़ते ट्रैफिक जाम और बढ़ते वायु प्रदूषण पर लगाम लगाने के उद्देश्य से यातायात व्यवस्था विभाग ने एक कड़ा फैसला लिया है। विभाग ने देशभर में सार्वजनिक वाहनों के नए पंजीकरण पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी है। यह प्रतिबंध अगली सूचना जारी होने तक प्रभावी रहेगा। इस फैसले में स्पष्ट किया गया है कि पारंपरिक ईंधन से चलने वाले वाहनों के साथ-साथ अब इलेक्ट्रिक सार्वजनिक वाहनों का भी नया पंजीकरण नहीं किया जा सकेगा।
विभाग के निदेशक मणि राम भुसाल ने इस संबंध में सभी सात प्रांतों के संबंधित मंत्रालयों और स्थानीय निकायों को आधिकारिक पत्र भेजकर निर्देशों का सख्ती से पालन करने को कहा है। अधिकारियों के मुताबिक, सड़कों पर वाहनों का अत्यधिक दबाव, वैज्ञानिक प्रबंधन का अभाव, ईंधन की बढ़ती कीमतें और आवागमन में हो रही निरंतर असुविधा इस निर्णय के मुख्य कारण हैं।
यह कदम वाहन तथा यातायात व्यवस्था ऐन की धारा 24 की उपधारा (3) के तहत उठाए गए विशेष कानूनी अधिकारों का उपयोग करते हुए उठाया गया है। कानून के अनुसार, पर्यावरण संरक्षण और सार्वजनिक हित में विभाग को यह शक्ति प्राप्त है कि वह वाहनों के अत्यधिक दबाव या सड़क की खराब स्थिति को देखते हुए पंजीकरण की प्रक्रिया को रोक सकता है।
नेपाल सरकार की भविष्य की नीतियों के अनुरूप सार्वजनिक यातायात के वैज्ञानिक और व्यवस्थित संचालन के लिए यह कदम महत्वपूर्ण माना जा रहा है। स्थानीय प्रशासन को निर्देशित किया गया है कि वे अपने अधीन आने वाले सभी कार्यालयों में इस आदेश को तुरंत लागू करें। फिलहाल, इस पाबंदी के बाद से अब नई सार्वजनिक यात्री बसों या अन्य व्यावसायिक वाहनों को सड़कों पर उतारने की प्रक्रिया पूरी तरह से थम गई है।






.jpg)







