नैनीताल, 22 मई।
लोक भवन नैनीताल स्थित गोल्फ कोर्स में शुक्रवार को राज्यपाल सेवानिवृत्त लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह ने टी-ऑफ शॉट खेलकर 21वें गवर्नर्स कप गोल्फ टूर्नामेंट का औपचारिक उद्घाटन किया। यह प्रतिष्ठित आयोजन तीन दिनों तक चलेगा, जिसमें कुल 179 गोल्फ खिलाड़ी विभिन्न श्रेणियों में भाग ले रहे हैं। इस वर्ष का टूर्नामेंट उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री भुवन चंद्र खंडूड़ी की स्मृति को समर्पित किया गया है।
राज्यपाल ने इस अवसर पर कहा कि गवर्नर्स कप केवल एक खेल प्रतियोगिता नहीं है, बल्कि यह उत्तराखंड की खेल प्रतिभा और पर्यटन संभावनाओं को प्रदर्शित करने का सशक्त माध्यम भी है। उन्होंने बताया कि इस प्रतियोगिता में 81 वर्षीय कर्नल एचसी गुप्ता से लेकर सात वर्षीय इलाक्षी राठौड़ तक की भागीदारी प्रेरणादायक है।
प्रतियोगिता में 110 सामान्य श्रेणी, 27 जूनियर, नौ महिला, 29 वेटरन और चार सुपर वेटरन खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। राज्यपाल ने कहा कि गोल्फ धैर्य, अनुशासन और मानसिक संतुलन को विकसित करने वाला खेल है, जो ‘फिट इंडिया’ और ‘खेलो इंडिया’ अभियान को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
उन्होंने लोक भवन गोल्फ कोर्स की प्राकृतिक सुंदरता और ऐतिहासिक महत्व की भी प्रशंसा की।
इस अवसर पर राज्यपाल के सचिव रविनाथ रामन, कुमाऊं मंडल आयुक्त दीपक रावत, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी, गोल्फ कैप्टन कर्नल विवेक भट्ट सहित कई वरिष्ठ अधिकारी, प्रायोजक प्रतिनिधि एवं खिलाड़ी उपस्थित रहे।













