हरिद्वार, 22 मई।
भीषण गर्मी के बीच जगजीतपुर क्षेत्र में लगातार बाधित हो रही विद्युत आपूर्ति को लेकर लोगों का आक्रोश फूट पड़ा। गुरुवार देर रात बड़ी संख्या में स्थानीय लोग गुरुकुल स्थित बिजली घर पहुंचे और बिजली कटौती के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान गुस्साई भीड़ को देखते हुए यूपीसीएल के कर्मचारी मौके से हट गए, वहीं लोगों ने अधिकारियों से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन अधिकांश फोन बंद मिले।
स्थिति तब और गंभीर हो गई जब नाराज लोगों ने हाईवे पर जाम लगा दिया। प्रदर्शनकारी सड़क पर बैठ गए और कुछ लोग बीच मार्ग पर लेट गए, जिससे यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और समझाइश के बाद जाम को खुलवाया।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि जगजीतपुर और गणपति धाम क्षेत्र में पिछले तीन दिनों से लगातार बिजली आपूर्ति बाधित हो रही है। भीषण गर्मी में बिजली न मिलने से लोगों को पेयजल संकट का भी सामना करना पड़ रहा है। बिजली आपूर्ति बाधित रहने से पंपिंग स्टेशन बंद हैं और पानी की टंकियां नहीं भर पा रही हैं, जिससे जल संकट और गहरा गया है।
ऊर्जा निगम के अधीक्षण अभियंता प्रदीप चौधरी ने बताया कि सराय क्षेत्र की विभाजित विद्युत लाइन के निर्माण कार्य के कारण दो दिन तक आपूर्ति बाधित रही। उन्होंने कहा कि इसकी जानकारी पहले ही लोगों को दी गई थी और अब बिजली व्यवस्था को सुचारू कर दिया गया है।
पेयजल विभाग के अधिशासी अभियंता राजेश गुप्ता ने बताया कि बिजली नहीं मिलने से मोटरें संचालित नहीं हो पा रही हैं, जिसके कारण टंकियों में पानी नहीं भर पा रहा और आपूर्ति प्रभावित हो रही है। लंबे समय तक चले विरोध प्रदर्शन के बाद अनुपमा रावत भी बिजली घर पहुंचीं। इसके बाद अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि शुक्रवार दोपहर 12 बजे तक विद्युत व्यवस्था पूरी तरह सामान्य हो जाएगी।




.jpg)

.jpg)







