कानपुर, 22 मई।
शहर में फैशन, डिजाइन और क्रिएटिव शिक्षा के क्षेत्र को नई गति देने के उद्देश्य से आईएनआईएफडी एवं आईएफएम अकादमी का उद्घाटन 22 मई को सर्वोदय नगर स्थित नए परिसर में किया जाएगा। यह संस्थान युवाओं को आधुनिक तकनीक और उद्योग आधारित प्रशिक्षण प्रदान कर रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसरों को सशक्त बनाने की दिशा में कार्य करेगा।
अकादमी के निदेशक अमित झा ने बताया कि संस्थान में फैशन डिजाइन, इंटीरियर डिजाइन, टेक्सटाइल डिजाइन, फैशन स्टाइलिंग, इमेज मैनेजमेंट और मॉडलिंग जैसे कई व्यावसायिक पाठ्यक्रम संचालित किए जाएंगे। विद्यार्थियों के लिए डिग्री, डिप्लोमा, प्रमाणपत्र और अल्पकालिक पाठ्यक्रमों की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी।
उन्होंने कहा कि बदलते समय के साथ फैशन और डिजाइन क्षेत्र में प्रशिक्षित युवाओं की मांग लगातार बढ़ रही है, इसी आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए पाठ्यक्रमों का निर्माण किया गया है।
संस्थान में छात्रों को केवल सैद्धांतिक ज्ञान ही नहीं बल्कि व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया जाएगा, ताकि वे पेशेवर दुनिया की चुनौतियों के लिए पूरी तरह तैयार हो सकें। उत्तर प्रदेश टेक्सटाइल विभाग के सहयोग से यहां कौशल विकास कार्यक्रम और प्रशिक्षण कार्यशालाओं का भी आयोजन किया जाएगा।
22 मई को होने वाले उद्घाटन समारोह में प्रदेश सरकार के मंत्री राकेश सचान, विधायक सुरेन्द्र मैथानी, मिस यूनिवर्स इंडिया 2024 रिया सिंह और यूपी हैंडलूम्स के प्रबंध निदेशक पी.सी. ठाकुर सहित शिक्षा, फैशन और उद्योग जगत से जुड़े कई प्रमुख हस्तियों के शामिल होने की संभावना है।
अकादमी प्रबंधन के अनुसार सत्र 2026 के लिए प्रवेश प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। संस्थान में आधुनिक प्रयोगशालाएं, उन्नत प्रशिक्षण सुविधाएं और अनुभवी शिक्षकों की व्यवस्था की गई है। प्रबंधन का मानना है कि यह पहल कानपुर को फैशन और क्रिएटिव शिक्षा के क्षेत्र में नई पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।






.jpg)







