औरैया, 22 मई।
औरैया जनपद में सहार थाना क्षेत्र के पटना गांव के समीप गुरुवार रात उस समय दर्दनाक हादसा हो गया जब दो तेज रफ्तार ट्रैक्टरों की आमने-सामने टक्कर में बाइक सवार नौ वर्षीय बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई तथा उसके मामा समेत दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार फफूंद थाना क्षेत्र के मड़ैया निवासी नीरज राजपूत अपनी बहन के घर कलुआपुर थाना तिर्वा से नौ वर्षीय भांजी रीतू को लेकर वापस लौट रहे थे। उनके साथ कटरा फफूंद निवासी मंगल सिंह भी बाइक पर सवार थे और सभी लोग घर की ओर जा रहे थे।
बताया गया कि रात करीब नौ बजे सहार थाना क्षेत्र के पटना गांव के पास सामने से आ रहे दो तेज रफ्तार ट्रैक्टरों ने ओवरटेक करते समय बाइक को टक्कर मार दी, जिससे यह भीषण हादसा हो गया और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
इस दुर्घटना में रीतू पुत्री कमलेश की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि नीरज राजपूत और मंगल सिंह के पैर टूट गए तथा उन्हें गंभीर चोटें आईं, जिससे दोनों की हालत नाजुक बनी हुई है।
घटना की सूचना पर सहार थाना प्रभारी रमेश सिंह, बेला थाना प्रभारी गंगादास गौतम और सहायल थाना प्रभारी विनोद कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल भिजवाया, वहीं बच्ची के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी गई।






.jpg)







