मीरजापुर, 22 मई।
मीरजापुर जिले के कछवां थाना क्षेत्र अंतर्गत महामलपुर गांव में शुक्रवार को ईंट भट्ठे पर काम के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया, जिसमें दीवार ढहने से मलबे में दबकर एक महिला मजदूर की मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार महामलपुर गांव की निवासी सुनीता देवी (44) गढ़ौली स्थित ईंट भट्ठे पर मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण कर रही थीं।
शुक्रवार को वह भट्ठे के चक्कर से ईंटें निकालने का कार्य कर रही थीं, तभी अचानक ईंट भट्ठे की दीवार भरभराकर उनके ऊपर गिर गई और वे मलबे में दब गईं।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास मौजूद मजदूरों ने किसी तरह उन्हें बाहर निकालकर तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
बताया गया कि पति की मृत्यु के बाद सुनीता देवी अपने तीन बेटों का पालन-पोषण मजदूरी के सहारे कर रही थीं और इस हादसे ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है।
घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया, साथ ही मामले की जांच शुरू कर दी गई है।






.jpg)







