जोधपुर, 22 मई।
केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि वे एक जिम्मेदार संवैधानिक पद पर रहते हुए भी अपने दायित्व, गरिमा और पद की प्रतिष्ठा को समझने में असफल साबित हो रहे हैं। मीडिया से बातचीत में उन्होंने टिप्पणी की कि उम्र तो बढ़ गई है, लेकिन व्यवहार और सोच अब भी बालसुलभ बनी हुई है।
केंद्रीय मंत्री ने आगे कहा कि मौजूदा समय में वैश्विक व्यवस्था अस्थिर दौर से गुजर रही है और दुनिया एक बहुध्रुवीय भू-राजनीतिक स्थिति का सामना कर रही है। ऐसे हालात में पूरा विश्व भारत को उम्मीद और विश्वास की दृष्टि से देख रहा है तथा विभिन्न देश भारत को साझेदार बनाने के लिए उत्सुक हैं।
शेखावत ने प्रधानमंत्री की हालिया विदेश यात्राओं को देशहित और विकसित भारत के लक्ष्य के लिए ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि इन दौरों के दौरान सेमीकंडक्टर, डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग, कटिंग एज टेक्नोलॉजी, नॉर्डिक देशों के साथ जल प्रौद्योगिकी और नॉर्वे के साथ मोबिलिटी समझौते जैसे महत्वपूर्ण करार हुए हैं। उन्होंने कहा कि ऊर्जा संकट के बीच यूएई यात्रा भी रणनीतिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण रही।
राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि इन महत्वपूर्ण वैश्विक समझौतों पर गैर-जिम्मेदाराना टिप्पणियां कर देश में गलत नैरेटिव बनाने का प्रयास किया गया, जो असफल रहा। उन्होंने राजीव गांधी के श्रीलंका दौरे का उदाहरण देते हुए कहा कि उस समय विपक्ष में रहते हुए भी उनकी पार्टी ने राष्ट्रीय हित को सर्वोपरि रखते हुए सरकार का पूरा समर्थन किया था और हमले की कड़ी निंदा की थी।
उन्होंने कहा कि परंपरा रही है कि प्रधानमंत्री के विदेश दौरों पर सभी दल राष्ट्रीय हित को प्राथमिकता देते हैं, लेकिन वर्तमान नेतृत्व इस परंपरा को कमजोर कर रहा है।
कांग्रेस की स्थिति पर टिप्पणी करते हुए शेखावत ने कहा कि जनता अब सब समझ चुकी है और हालिया चुनावों में कई राज्यों में कांग्रेस को अस्वीकार कर दिया गया है। उन्होंने दावा किया कि पार्टी अब केवल कुछ राज्यों तक सीमित रह गई है और जनता धीरे-धीरे उसे राजनीतिक हाशिये पर धकेल रही है।
जोधपुर के विकास से जुड़े मुद्दों पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि वंदे भारत ट्रेन की सफलता के बाद उसमें अतिरिक्त कोच जोड़े जा रहे हैं तथा कच्छ-जालौर-दिल्ली नई रेल सेवा की शुरुआत भी होने जा रही है। इसके लिए उन्होंने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार जताया।






.jpg)





