नई दिल्ली, 22 मई।
देश की पहली महिला नेतृत्व वाली पेशेवर वॉलीबॉल लीग ‘दिल्ली प्रो वॉलीबॉल लीग’ के पहले सीजन को लेकर खिलाड़ी चयन प्रक्रिया की शुरुआत होने जा रही है। लीग प्रबंधन ने घोषणा की है कि ट्रायल का पहला चरण 24 मई को सुबह आठ बजे से कड़कड़डूमा स्थित लक्ष्मी पब्लिक स्कूल में आयोजित किया जाएगा।
लीग के अनुसार देश के विभिन्न हिस्सों से खिलाड़ियों को अवसर देने और प्रतिभा की पहचान को मजबूत करने के उद्देश्य से चयन प्रक्रिया कई चरणों में पूरी की जाएगी। सभी चरणों के बाद चयनित खिलाड़ियों को ऑक्शन पूल में शामिल किया जाएगा, जहां छह फ्रेंचाइजी टीमें अपने-अपने स्क्वॉड का गठन करेंगी।
लीग की संस्थापक के अनुसार ट्रायल को लेकर खिलाड़ियों में भारी उत्साह देखा जा रहा है और पंजीकरण प्रक्रिया के दौरान देश के बीस से अधिक राज्यों से खिलाड़ियों ने भागीदारी दर्ज कराई है, जो इस लीग की बढ़ती लोकप्रियता को दर्शाता है।
उन्होंने बताया कि लीग की शुरुआत के कुछ ही महीनों में इसका आकार लेना उत्साहजनक है और पहले चरण के ट्रायल में नई प्रतिभाओं के सामने आने की पूरी संभावना है, जो आगे चलकर वॉलीबॉल में बड़ा नाम बना सकती हैं।
इन ट्रायल्स का मुख्य उद्देश्य प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को पहचानकर उन्हें पेशेवर मंच उपलब्ध कराना है। इस लीग को दिल्ली वॉलीबॉल संघ और दिल्ली ओलंपिक संघ का भी समर्थन प्राप्त है।
लीग का लक्ष्य भारत में वॉलीबॉल के लिए मजबूत और स्थायी ढांचा तैयार करना है, जिसमें खिलाड़ियों के विकास, प्रतिस्पर्धी माहौल और बेहतर मीडिया कवरेज पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
पहले संस्करण में छह फ्रेंचाइजी टीमें हिस्सा लेंगी और उद्घाटन सत्र इसी वर्ष आयोजित किया जाएगा, जिससे भारतीय वॉलीबॉल को नई पहचान मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।






.jpg)







