अपराध
22 May, 2026

आर्म्स लाइसेंस की आड़ में कारतूस कारोबार का भंडाफोड़, एक गिरफ्तार

मोतिहारी में लाइसेंसी हथियार की आड़ में अवैध कारतूस कारोबार का खुलासा करते हुए पुलिस ने भारी मात्रा में कारतूस के साथ एक आरोपित को गिरफ्तार किया है।

पूर्वी चंपारण, 22 मई ।

पूर्वी चंपारण जिले में पुलिस ने लाइसेंसी हथियार की आड़ में संचालित किए जा रहे अवैध कारतूस कारोबार का खुलासा करते हुए एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान आरोपित के घर से बड़ी संख्या में कारतूस बरामद किए गए हैं, जिसके बाद पुलिस ने मामले की गहन जांच शुरू कर दी है।

पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात के निर्देश पर हरसिद्धि थाना पुलिस की विशेष टीम ने प्रखंड विकास पदाधिकारी की मौजूदगी में थाना क्षेत्र के मुरारपुर पंचायत स्थित औरैया गांव में छापेमारी की। इस दौरान एक लाइसेंसधारी व्यक्ति को कारतूसों के साथ गिरफ्तार किया गया।

गिरफ्तार आरोपित की पहचान मोहम्मद कलाम के रूप में हुई है। पुलिस का कहना है कि आरोपित शस्त्र लाइसेंस का दुरुपयोग करते हुए नियमों के विपरीत कारतूसों की खरीद-बिक्री में शामिल था। तलाशी के दौरान उसके घर से लाइसेंसी हथियार के साथ बड़ी संख्या में रायफल के कारतूस भी बरामद किए गए।

कार्रवाई के बाद पुलिस ने हथियार को जब्त कर लिया है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि कारतूस कहां से लाए जाते थे तथा किन लोगों तक उनकी आपूर्ति की जाती थी। मामले में शस्त्र अधिनियम के तहत कानूनी कार्रवाई प्रारंभ कर दी गई है।

पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि शस्त्र अनुज्ञप्ति के नियमों का उल्लंघन किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन के निर्देश पर जिले के सभी लाइसेंसधारियों की जांच कराई जाएगी और उनके पास मौजूद कारतूसों का सत्यापन भी किया जाएगा। साथ ही आपराधिक पृष्ठभूमि वाले लाइसेंसधारियों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।

उन्होंने कहा कि अवैध हथियार और कारतूस कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

|
आज का राशिफल

इस सप्ताह आपके लिए अनुकूल समय है। पेशेवर मोर्चे पर सफलता मिलने के योग हैं। व्यक्तिगत जीवन में भी सुकून और संतोष रहेगा।
भाग्यशाली रंग: लाल
भाग्यशाली अंक: 9
मंत्र: "ॐ हं राम रामाय नमः"

आज का मौसम

भोपाल

30° / 41°

SUNNY

ट्रेंडिंग न्यूज़