भरतपुर, 22 मई ।
भरतपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कुख्यात बदमाश विनोद पथैना को उसके गैंग के छह सदस्यों के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपितों को जिला अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें तीन दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस अब गैंग की गतिविधियों और संभावित बड़ी साजिश को लेकर पूछताछ कर रही है।
अदालत पहुंचने के दौरान विनोद पथैना लंगड़ाते हुए दिखाई दिया। पुलिसकर्मी उसे सहारा देकर कोर्ट तक लेकर पहुंचे। पुलिस का कहना है कि दबिश के दौरान भागते समय उसका पैर मुड़ गया था, वहीं बचाव पक्ष ने पुलिस हिरासत में मारपीट का आरोप लगाते हुए दोबारा मेडिकल कराने की मांग की है।
मथुरा गेट थाना पुलिस के अनुसार गुरुवार रात विशेष सूचना मिलने पर सारस चौराहे स्थित एक होटल में दबिश दी गई। यहां विनोद पथैना अपने साथियों के साथ ठहरा हुआ था और कथित रूप से जमीन कब्जाने सहित बड़ी वारदात की योजना बना रहा था।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने विनोद पथैना, केशव, अशोक, घनश्याम, जितेंद्र, गंगासहाय और हाकिम को गिरफ्तार किया। होटल संचालक को भी गैंग से जुड़ा बताया जा रहा है, जो फिलहाल फरार है।
पुलिस के मुताबिक विनोद पथैना के पास से एक पिस्टल, देसी कट्टा, तलवार, कारतूस रखने का होल्स्टर और बुलेट प्रूफ जैकेट बरामद की गई है। इसके अलावा एक अन्य आरोपित के कब्जे से भी हथियार मिला है। पुलिस का दावा है कि विनोद अपनी सुरक्षा के लिए अक्सर बुलेट प्रूफ जैकेट पहनकर चलता था।
जांच के दौरान होटल से कीमती जमीनों से जुड़े दस्तावेज भी बरामद हुए हैं, जिससे जमीन कब्जाने की साजिश की आशंका जताई जा रही है। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि गैंग राजस्थान और उत्तर प्रदेश सहित कई राज्यों में सक्रिय रहा है।
पुलिस का कहना है कि विनोद पथैना पर रंगदारी मांगने समेत कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। पूर्व में कारोबारी पर गोली चलाने की घटना में भी उसका नाम सामने आया था। फिलहाल रिमांड के दौरान पुलिस गैंग के नेटवर्क और संभावित वारदात की योजना को लेकर पूछताछ कर रही है।






.jpg)






