बागपत, 22 मई ।
उत्तर प्रदेश के बागपत जिले के टटीरी कस्बे में एचपी पेट्रोल पंप के पीछे स्थित गन्ने के खेत में शुक्रवार सुबह एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी। मृतक की पहचान बिलोचपुरा गांव निवासी युवक के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे किसान राजेश अपने गन्ने के खेत पर पहुंचे, जहां करीब 30 वर्षीय युवक का शव पड़ा दिखाई दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण करते हुए जांच-पड़ताल शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस को शव के पास एक भरा हुआ नशीला इंजेक्शन, सिरिंज और 50 रुपये बरामद हुए हैं। घटनास्थल से मिले सामान को देखते हुए पुलिस मामले को संदिग्ध मानकर हर पहलू से जांच कर रही है। मृतक की पहचान बिलोचपुरा निवासी गुलजार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह 18 मई से लापता था।
कोतवाल बिरजेश कुमार ने बताया कि युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका स्पष्ट खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी बिंदुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच में जुटी हुई है।






.jpg)







