बिजनौर, 22 मई ।
बिजनौर जिले के हल्दौर थाना क्षेत्र के गांव झालू में स्कूल के बाहर एक छात्र पर जानलेवा हमले का मामला सामने आया है। छात्र के साथ मारपीट किए जाने और तमंचे से फायरिंग का आरोप लगाया गया है। मामले में शुक्रवार को पीड़ित छात्र के पिता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
थाना प्रभारी किशन अवतार सिंह के अनुसार मोहल्ला कानून गोयान निवासी गौरव पाल ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनका पुत्र यश देहरादून पब्लिक इंटर कॉलेज, झालू में कक्षा नौ का छात्र है। आरोप है कि 20 मई को स्कूल की छुट्टी के बाद घर लौटते समय गांव के मुन्ना और उसके चार-पांच साथियों ने पहले से घात लगाकर छात्र को रोक लिया और उस पर हमला कर दिया।
शिकायत में कहा गया है कि आरोपितों ने छात्र के साथ मारपीट की और तमंचे से फायरिंग भी की। हमले में छात्र गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों और स्कूल कर्मियों ने घायल छात्र को अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने सिर में गंभीर चोट होने की बात कही। हालत गंभीर होने पर उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
पीड़ित पक्ष ने तहरीर में यह भी आरोप लगाया है कि घटना के बाद आरोपितों की ओर से परिवार को जान से मारने की धमकी दी गई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थाना पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपितों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।






.jpg)







