अपराध
22 May, 2026

संदिग्ध मौत या हत्या? महिला की मौत पर ससुराल पक्ष पर आरोप

सहरसा के मदनपुर गांव में महिला की संदिग्ध मौत के बाद मायके पक्ष ने पति और ससुराल वालों पर हत्या व प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए हैं।

सहरसा, 22 मई ।

सहरसा जिले के बलवाहाट थाना क्षेत्र के मदनपुर गांव के वार्ड संख्या 11 में एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान 27 वर्षीय रौनक खातून, पति मोहम्मद जफर, के रूप में हुई है।

पुलिस ने महिला का शव उसके घर से बरामद किया है। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल बना हुआ है। रौनक अपने पीछे दो मासूम बेटियों, तीन वर्षीय रोशनी और दो वर्षीय रेशमी को छोड़ गई है, जिनके सिर से मां का साया उठ गया।

घटना की सूचना मिलते ही बलवाहाट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए सिमरी बख्तियारपुर के एसडीपीओ मुकेश ठाकुर भी घटनास्थल पहुंचे। इसके अलावा एफएसएल टीम ने भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।

मृतका की मां ने बलवाहाट थाना में आवेदन देकर अपनी बेटी की हत्या का आरोप पति और ससुराल पक्ष पर लगाया है। परिजनों के अनुसार वर्ष 2018 में रौनक की शादी मोहम्मद जफर के साथ धूमधाम से हुई थी, लेकिन विवाह के बाद से ही दोनों के संबंध सामान्य नहीं थे। आरोप लगाया गया है कि पति दहेज की मांग को लेकर अक्सर रौनक को प्रताड़ित करता था।

परिजनों का कहना है कि मोहम्मद जफर दिल्ली में रहकर काम करता था और तीन दिन पहले ही गांव लौटा था। गांव पहुंचने के बाद किसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ। आरोप है कि इसके बाद जफर और उसके परिवार के लोगों ने मिलकर रौनक की हत्या कर दी। मायके पक्ष ने पुलिस से आरोपितों की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

घटना के बाद गांव में कई तरह की चर्चाएं जारी हैं। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और एफएसएल जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले के हर पहलू को ध्यान में रखते हुए जांच जारी है।

|
आज का राशिफल

इस सप्ताह आपके लिए अनुकूल समय है। पेशेवर मोर्चे पर सफलता मिलने के योग हैं। व्यक्तिगत जीवन में भी सुकून और संतोष रहेगा।
भाग्यशाली रंग: लाल
भाग्यशाली अंक: 9
मंत्र: "ॐ हं राम रामाय नमः"

आज का मौसम

भोपाल

30° / 41°

SUNNY

ट्रेंडिंग न्यूज़