नई दिल्ली, 23 मई।
अमेरिका की खुफिया एजेंसियों की कमान संभाल रहीं तुलसी गबार्ड ने अपने पद से हटने का निर्णय लिया है। डोनाल्ड ट्रंप ने अपने दूसरे कार्यकाल के दौरान उन्हें देश की 18 खुफिया संस्थाओं की निगरानी के लिए राष्ट्रीय खुफिया निदेशक के रूप में नियुक्त किया था।
राष्ट्रपति ट्रंप ने तुलसी का इस्तीफा मंजूर करते हुए उनके सहायक, उपनिदेशक आरोन लुकास को कार्यवाहक निदेशक की जिम्मेदारी सौंप दी है। तुलसी 30 जून को आधिकारिक रूप से अपना पद छोड़ देंगी।
अपने इस्तीफे के पीछे की वजह बताते हुए तुलसी ने राष्ट्रपति ट्रंप को जानकारी दी कि उनके पति अब्राहम एक दुर्लभ बोन कैंसर से जूझ रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि वे इस कठिन समय में अपने पति की सेवा के लिए पूर्ण रूप से समर्पित रहना चाहती हैं।
इस घटनाक्रम पर प्रतिक्रिया देते हुए राष्ट्रपति ट्रंप ने सोशल मीडिया के माध्यम से तुलसी के कार्यों की सराहना की और कहा कि उनकी अनुपस्थिति महसूस की जाएगी।
तुलसी ने अपने इस्तीफे में ट्रंप प्रशासन की किसी भी नीति, विशेषकर ईरान युद्ध को लेकर मतभेदों का कोई जिक्र नहीं किया है। हालांकि, राजनीतिक गलियारों में इस बात की चर्चा जरूर रही है कि वे ईरान के परमाणु कार्यक्रम के खिलाफ युद्ध के पक्ष में नहीं थीं। गौरतलब है कि पिछले कुछ समय में ट्रंप प्रशासन के कई वरिष्ठ अधिकारी इस्तीफा दे चुके हैं।






.jpg)







