हुगली, 23 मई।
आईएनटीटीयूसी नेता तथा चांपदानी नगरपालिका के पार्षद किशोर केवट ने अपनी गिरफ्तारी को राजनीतिक साजिश करार देते हुए आरोप लगाया है कि उन्हें योजनाबद्ध तरीके से फंसाया गया था, वहीं जमानत मिलने के बाद वे शुक्रवार शाम जेल से रिहा हुए।
जेल से बाहर आते ही बड़ी संख्या में उनके समर्थकों ने फूल-मालाओं के साथ उनका गर्मजोशी से स्वागत किया और माहौल उत्साहपूर्ण हो गया।
शनिवार सुबह बातचीत के दौरान किशोर केवट ने दावा किया कि सत्तारूढ़ दल के कुछ नेताओं के इशारे पर उनके विरुद्ध कार्रवाई कराई गई और उन्हें गलत तरीके से गिरफ्तार किया गया।
उन्होंने कहा कि वे जूट मिल क्वार्टरों में रहने वाले श्रमिकों के अधिकारों की आवाज उठाने पहुंचे थे, लेकिन इसी कारण पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया।
केवट ने यह भी कहा कि वह मजदूरों के हक की लड़ाई लड़ रहे थे और इसी वजह से उन्हें साजिशन फंसाया गया, हालांकि अदालत ने मात्र दो दिनों के भीतर उन्हें जमानत प्रदान कर दी जिससे सच्चाई सामने आ गई है।
उन्होंने यह स्पष्ट किया कि जूट मिल श्रमिकों के हितों के लिए उनका संघर्ष आगे भी निरंतर जारी रहेगा।
उल्लेखनीय है कि हाल ही में भद्रेश्वर थाना पुलिस ने नॉर्थ ब्रुक जूट मिल प्रबंधन की शिकायत के आधार पर उन्हें गिरफ्तार किया था, जिसके बाद पूरे क्षेत्र में राजनीतिक हलचल तेज हो गई थी।






.jpg)







