देवास, 23 मई ।
मध्य प्रदेश के देवास जिले के टोंककलां में हुए भीषण पटाखा फैक्टरी विस्फोट के बाद घायलों की मौत का सिलसिला थमता नजर नहीं आ रहा है और अब इलाज के दौरान दो और मजदूरों की मौत हो जाने से मृतकों की संख्या बढ़कर आठ हो गई है।
जानकारी के अनुसार इंदौर के महाराजा यशवंतराव चिकित्सालय में गंभीर रूप से झुलसे दो मजदूरों ने शुक्रवार रात दम तोड़ दिया। इनकी पहचान अजय और निरंजन के रूप में हुई है, जो बिहार के रहने वाले थे। धमाके के बाद से ही दोनों को बर्न यूनिट में वेंटिलेटर और क्रिटिकल केयर सपोर्ट पर रखा गया था, जहां उनकी स्थिति लगातार नाजुक बनी रही।
चिकित्सकों के अनुसार बर्न यूनिट में संक्रमण के खतरे को देखते हुए विशेष सतर्कता बरती गई थी और पांच नर्सिंग कर्मियों की शिफ्ट के अनुसार 24 घंटे देखभाल की व्यवस्था की गई थी, लेकिन सभी प्रयासों के बावजूद दोनों को बचाया नहीं जा सका। इससे पहले सोमवार रात एक अन्य 20 वर्षीय घायल मजदूर राम की भी मौत हो चुकी थी।
इसी बीच एक अन्य गंभीर रूप से घायल मजदूर विशाल की हालत में सुधार की जानकारी सामने आई है। धमाके की तीव्रता से वह दूर जा गिरा था, जिससे उसके सिर में गंभीर चोट आई और ब्लड क्लॉट बन गया था, लेकिन न्यूरो सर्जरी वार्ड में लगातार निगरानी के बाद अब उसकी स्थिति बेहतर बताई गई है और उसे अस्पताल से छुट्टी देने की तैयारी है।
इंदौर के ही एक अन्य अस्पताल में भर्ती चार घायलों में से तीन को पहले ही छुट्टी दी जा चुकी है, जबकि एक मरीज का इलाज जारी है और उसकी स्थिति भी स्थिर बताई जा रही है तथा उसे आने वाले दिनों में डिस्चार्ज किया जाएगा।
गौरतलब है कि 14 मई को टोंककलां स्थित पटाखा फैक्टरी में हुए भीषण विस्फोट में 20 से अधिक मजदूर गंभीर रूप से घायल हुए थे, जो उत्तर प्रदेश और बिहार के निवासी थे। घटना के तुरंत बाद तीन मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि बाद में उपचार के दौरान अन्य मजदूरों ने दम तोड़ा और अब यह संख्या बढ़कर आठ हो चुकी है।
इस मामले में प्रशासन ने पहले ही मुख्य निवेशक सहित पांच आरोपितों को गिरफ्तार कर कार्रवाई शुरू कर दी है।






.jpg)







