राजनीति
23 May, 2026

केरल सीएम वीडी सतीशन ने दिल्ली में कांग्रेस नेतृत्व से की अहम मुलाकात

केरल के मुख्यमंत्री वीडी सतीशन ने दिल्ली में कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व से मुलाकात कर राज्य सरकार की प्राथमिकताओं और संगठनात्मक मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की।

नई दिल्ली, 23 मई।

केरल के नवनिर्वाचित मुख्यमंत्री वीडी सतीशन ने शनिवार को राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व से मुलाकात कर राजनीतिक और संगठनात्मक मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की। यह मुख्यमंत्री बनने के बाद उनका पहला दिल्ली दौरा बताया जा रहा है।

इस दौरान उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, कांग्रेस संसदीय दल की प्रमुख सोनिया गांधी, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी तथा वायनाड से सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा से अलग-अलग भेंट की।

दिल्ली आगमन पर उन्होंने सबसे पहले कांग्रेस महासचिव संगठन केसी वेणुगोपाल से उनके आवास पर मुलाकात की। इसके बाद वे कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के आवास पहुंचे, जहां उनका पारंपरिक पटका पहनाकर स्वागत किया गया और उन्हें मुख्यमंत्री बनने पर शुभकामनाएं दी गईं।

इसके बाद उन्होंने पार्टी की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा से अलग-अलग मुलाकात की, जिसमें केरल की राजनीतिक स्थिति, राज्य सरकार की प्राथमिकताएं और संगठनात्मक विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई।

कांग्रेस नेतृत्व ने उन्हें नई जिम्मेदारी संभालने पर बधाई दी और राज्य सरकार के सुचारू संचालन के लिए शुभकामनाएं व्यक्त कीं। वहीं मुख्यमंत्री सतीशन ने भी राज्य सरकार की शुरुआती योजनाओं और प्रशासनिक प्राथमिकताओं की जानकारी शीर्ष नेतृत्व को दी।

पार्टी सूत्रों के अनुसार आने वाले समय में केरल सरकार और कांग्रेस संगठन के बीच समन्वय को और मजबूत करने के लिए लगातार संवाद जारी रहने की संभावना है।

इससे पहले वे शुक्रवार देर रात दिल्ली पहुंचे और केरल भवन में ठहरे थे। उनके इस दौरे को संगठन और सरकार के बीच बेहतर तालमेल की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

गौरतलब है कि वीडी सतीशन ने 18 मई को तिरुवनंतपुरम के सेंट्रल स्टेडियम में राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर से शपथ ग्रहण कर मुख्यमंत्री पद संभाला था और उनके साथ 20 मंत्रियों ने भी शपथ ली थी।

शपथ ग्रहण समारोह में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे थे। इसके अलावा कई राज्यों के मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री भी समारोह में शामिल हुए थे।

केरल में कांग्रेस नेतृत्व वाले संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा की सरकार लगभग एक दशक बाद सत्ता में लौटी है, जिसे पार्टी के लिए दक्षिण भारत में महत्वपूर्ण राजनीतिक उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है।

|
आज का राशिफल

इस सप्ताह आपके लिए अनुकूल समय है। पेशेवर मोर्चे पर सफलता मिलने के योग हैं। व्यक्तिगत जीवन में भी सुकून और संतोष रहेगा।
भाग्यशाली रंग: लाल
भाग्यशाली अंक: 9
मंत्र: "ॐ हं राम रामाय नमः"

आज का मौसम

भोपाल

30° / 41°

SUNNY

ट्रेंडिंग न्यूज़