लखनऊ, 23 मई ।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा शनिवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए आयोजित 19वें रोजगार मेले में 51 हजार से अधिक नव नियुक्त युवाओं को केंद्र सरकार के विभिन्न विभागों और संगठनों में नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए।
इसी क्रम में लखनऊ स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण राज्य मंत्री बी.एल. वर्मा ने रोजगार मेले का शुभारंभ किया और कुल 330 अभ्यर्थियों को सरकारी सेवा का अवसर प्रदान किया, जिनमें से 198 अभ्यर्थी भारतीय रेलवे में शामिल होंगे।
कार्यक्रम में मंत्री बी.एल. वर्मा ने कहा कि रोजगार मेले युवाओं के सपनों को नई दिशा और नई उड़ान देने का माध्यम बन रहे हैं और यह पहल देशभर में युवाओं के लिए अवसरों का विस्तार कर रही है।
उन्होंने बताया कि देश के 47 स्थानों पर एक साथ आयोजित इस रोजगार मेले में 51 हजार से अधिक युवाओं को नियुक्ति पत्र दिए गए, जबकि अकेले लखनऊ में 330 अभ्यर्थियों को सरकारी सेवा में शामिल होने का अवसर मिला।
उन्होंने यह भी कहा कि रोजगार सृजन को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की प्रधानमंत्री की प्रतिबद्धता के अनुरूप यह आयोजन उस दृष्टिकोण को धरातल पर उतारने का महत्वपूर्ण प्रयास है।
कार्यक्रम के तहत चयनित अभ्यर्थी रेल मंत्रालय, गृह मंत्रालय, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय, वित्तीय सेवा विभाग और उच्च शिक्षा विभाग सहित केंद्र सरकार के विभिन्न विभागों में अपनी सेवाएं देंगे।
इस अवसर पर उत्तर रेलवे लखनऊ मंडल के कई वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे, जिनमें सुनील कुमार वर्मा, मंडल रेल प्रबंधक नीलिमा सिंह, अपर मंडल रेल प्रबंधक शूरवीर सिंह चौहान और अरिमा भटनागर शामिल थे।













