नई दिल्ली, 23 मई।
भारत की डिजिटल स्वास्थ्य व्यवस्था ने एक बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन के तहत 100 करोड़ से अधिक स्वास्थ्य रिकॉर्ड आयुष्मान भारत हेल्थ अकाउंट से जोड़ दिए हैं, जिसे देश की स्वास्थ्य सेवाओं के लिए एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर माना जा रहा है।
राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्राधिकरण द्वारा लागू इस मिशन के तहत स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने बताया कि फरवरी 2025 में जहां लगभग 50 करोड़ रिकॉर्ड जुड़े थे, वहीं महज 15 महीनों में यह संख्या दोगुनी होकर 100 करोड़ से अधिक हो गई है और हर दो से तीन महीने में करीब 10 करोड़ नए रिकॉर्ड जोड़े जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार शुरुआती चरण में जहां एक हजार से भी कम रिकॉर्ड जुड़े थे, वहीं अब यह संख्या 100 करोड़ के पार पहुंच चुकी है, जिससे यह दुनिया के सबसे बड़े डिजिटल स्वास्थ्य इकोसिस्टम में शामिल हो गया है।
आयुष्मान भारत हेल्थ अकाउंट एक विशिष्ट डिजिटल पहचान के रूप में काम करता है, जिसके माध्यम से नागरिक अस्पतालों, प्रयोगशालाओं और स्वास्थ्य संस्थानों में अपने चिकित्सा रिकॉर्ड सुरक्षित रूप से जोड़ और प्राप्त कर सकते हैं।
इस प्रणाली में सहमति आधारित स्वास्थ्य सूचना विनिमय ढांचा भी शामिल है, जिसके तहत उपयोगकर्ता अपनी मेडिकल जानकारी डॉक्टरों और स्वास्थ्य सेवा प्रदाताओं के साथ डिजिटल रूप से साझा कर सकते हैं और डेटा की सुरक्षा सुनिश्चित रहती है।
इस उपलब्धि में 450 से अधिक सार्वजनिक और निजी स्वास्थ्य तकनीकी समाधानों के एकीकरण ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है, जिसमें कोविन, आयुष्मान भारत योजना, ई-हॉस्पिटल, ई-सुश्रुत, उत्तर प्रदेश का ई-कवच, गुजरात का टेको और राजस्थान का आईएचएमएस जैसे प्लेटफॉर्म शामिल हैं।
राज्यों में उत्तर प्रदेश सबसे आगे रहा है जहां 15.03 करोड़ से अधिक रिकॉर्ड जुड़े हैं, जबकि आंध्र प्रदेश में 11.95 करोड़ से अधिक रिकॉर्ड जोड़े गए हैं और बिहार, राजस्थान व गुजरात ने भी उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की है।
राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्राधिकरण के सीईओ ने कहा कि यह उपलब्धि दर्शाती है कि देश में डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं को तेजी से अपनाया जा रहा है और यह नागरिकों को सुरक्षित, सहमति आधारित और निरंतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने में सहायक है।
आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन का उद्देश्य देश में डिजिटल सार्वजनिक स्वास्थ्य ढांचा तैयार करना है, जिसमें हेल्थकेयर प्रोफेशनल रजिस्ट्री, हेल्थ फैसिलिटी रजिस्ट्री, हेल्थ इंफॉर्मेशन एक्सचेंज, यूनिफाइड हेल्थ इंटरफेस और नेशनल हेल्थ क्लेम्स एक्सचेंज जैसे प्लेटफॉर्म शामिल हैं।






.jpg)







