देहरादून, 23 मई।
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को राजधानी स्थित अपने आधिकारिक कैंप कार्यालय से 'नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन 2026' के लिए आयोजित काउंटडाउन रन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर उन्होंने मशाल प्रज्ज्वलित की और प्रतिभागियों के साथ प्रतीकात्मक दौड़ में सम्मिलित हुए। मुख्यमंत्री ने 31 मई को होने वाली मुख्य प्रतियोगिता के लिए 'क्यालु- हिम तेंदुआ' नामक शुभंकर का अनावरण भी किया।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में स्पष्ट किया कि यह खेल आयोजन सीमावर्ती क्षेत्रों में पर्यटन, स्थानीय होमस्टे व्यवस्था, क्षेत्रीय उत्पादों और युवा उद्यमिता को प्रोत्साहन देने की एक दूरदर्शी पहल है। उन्होंने इसे मात्र एक दौड़ न बताते हुए इसे दूरस्थ क्षेत्रों में नई ऊर्जा, अवसरों और विश्वास का प्रतीक करार दिया। मुख्यमंत्री ने देवभूमि के युवाओं में निहित साहस और संकल्प की प्रशंसा करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि नीति घाटी की ऊंचाइयों पर यह आयोजन स्वर्णिम इतिहास दर्ज करेगा।

इस वृहद आयोजन को युवाओं की व्यापक भागीदारी प्राप्त हुई है, जिसके अंतर्गत दो देशों और भारत के 27 राज्यों से 900 से अधिक धावकों ने अपना पंजीकरण सुनिश्चित किया है। मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में 'फिट इंडिया' और 'खेलो इंडिया' जैसे अभियानों ने देश में खेल संस्कृति को एक जन-आंदोलन का स्वरूप दिया है। उत्तराखंड सरकार राज्य को विश्वस्तरीय एडवेंचर स्पोर्ट्स और स्पोर्ट्स टूरिज्म का प्रमुख केंद्र बनाने हेतु प्रतिबद्ध है। कार्यक्रम में पर्यटन सचिव धीराज गर्ब्याल एवं पर्यटन विकास परिषद के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे।






.jpg)







