देहरादून, 23 मई।
बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) एक बार फिर वित्तीय अनिमितताओं के आरोपों के घेरे में है। सामाजिक कार्यकर्ता एवं अधिवक्ता विकेश सिंह नेगी ने सूचना के अधिकार (आरटीआई) के माध्यम से प्राप्त दस्तावेजों का हवाला देते हुए दावा किया है कि मंदिर समिति ने श्रद्धालुओं द्वारा अर्पित की गई दान राशि का उपयोग वीआईपी मेहमानों के सत्कार, उनके ठहरने, भोजन और हेलीकॉप्टर यात्रा के टिकटों के भुगतान के लिए किया है।
अधिवक्ता नेगी के अनुसार, बीकेटीसी ने कई राजनीतिक हस्तियों और अन्य प्रभावशाली व्यक्तियों को 'अतिथि' घोषित कर उनके आवास और खान-पान पर लाखों रुपये खर्च किए। इन आरोपों में मुख्य रूप से भाजपा से संबंधित लोगों को अनुचित लाभ पहुँचाने का उल्लेख है। दस्तावेजों का हवाला देते हुए नेगी ने बताया कि कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी की पुत्री नेहा जोशी के दो दिवसीय प्रवास पर करीब 60 हजार रुपये, केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल के नाम पर 37,500 रुपये और प्रधानमंत्री के भाई पंकज मोदी की यात्रा पर 22 हजार रुपये खर्च किए गए। इनके अतिरिक्त, अन्य पार्टी पदाधिकारियों के आवास और आतिथ्य पर भी मंदिर के कोष से भारी राशि व्यय करने का दावा किया गया है।
साथ ही, यह भी आरोप लगाया गया है कि समिति के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और वरिष्ठ अधिकारियों के अतिथियों के हेलीकॉप्टर टिकटों का खर्च भी मंदिर की निधि से वहन किया गया। पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज सहित समिति के अन्य उच्च पदस्थ अधिकारियों के मेहमानों के खर्चों के लिए भी मंदिर की धनराशि का उपयोग हुआ है। इन खुलासों के बाद नेगी ने संपूर्ण प्रकरण की उच्च-स्तरीय जांच की मांग की है। उन्होंने स्पष्ट किया कि बदरीनाथ-केदारनाथ धाम करोड़ों भक्तों की श्रद्धा के प्रतीक हैं और दान के धन का ऐसा अनुचित प्रयोग अक्षम्य है। पूर्व में भी नेगी द्वारा मंदिर समिति से जुड़े अनियमितताओं के मामले उजागर किए जा चुके हैं, जिनमें उपाध्यक्ष द्वारा परिवार के सदस्य को कर्मचारी दर्शाकर अवैध भुगतान लेने जैसे गंभीर प्रकरण शामिल रहे हैं।






.jpg)





