प्रयागराज, 23 मई।
अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत प्रयागराज पुलिस ने शनिवार को कुख्यात नकल माफिया सोनू सिंह यादव के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए उसकी लगभग 60 लाख रुपये मूल्य की अचल संपत्ति को कुर्क कर लिया। यह कार्रवाई गैंगस्टर एक्ट के तहत की गई है।
पुलिस उपायुक्त गंगानगर कुलदीप सिंह गुनावत ने जानकारी दी कि थाना नवाबगंज में दर्ज गैंगस्टर एक्ट के मामले की जांच में यह तथ्य सामने आया कि आरोपी ने अपने आपराधिक कृत्यों से अर्जित धन से यह संपत्तियां खरीदी थीं।
न्यायालय के आदेश के बाद पुलिस ने ग्राम राजापुर मल्हुआ परगना एवं तहसील सोरांव में स्थित दो आराजी संख्या 366 और 367 की कुल 0.2780 हेक्टेयर भूमि में से आरोपी के हिस्से की 0.0695 हेक्टेयर जमीन कुर्क की, जिसका क्षेत्रफल लगभग 347.5 वर्ग मीटर है और जिसकी अनुमानित बाजार कीमत करीब 60 लाख रुपये आंकी गई है।
अधिकारियों के अनुसार यह संपत्ति अवैध कमाई से अर्जित धन से खरीदी गई थी और कुर्की की यह कार्रवाई उत्तर प्रदेश गिरोहबंद एवं समाजविरोधी क्रियाकलाप (निवारण) अधिनियम, 1986 की धारा 14(1) के तहत पूरी की गई। पुलिस ने यह भी बताया कि आरोपी और उसके सहयोगियों की अन्य चल-अचल संपत्तियों की जांच जारी है तथा आगे भी अवैध संपत्ति मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। इस कदम को अपराधियों की आर्थिक कमर तोड़ने की दिशा में बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।






.jpg)







