सरकार व नीतियाँ
23 May, 2026

गेहूं खरीदी में MP का जलवा, 100 लाख मीट्रिक टन पार कर देश में दूसरा स्थान

मध्य प्रदेश में समर्थन मूल्य पर 13.10 लाख किसानों से अब तक 100 लाख मीट्रिक टन से अधिक गेहूं खरीदा गया है और किसानों को 20 हजार करोड़ रुपये से ज्यादा का भुगतान किया जा चुका है।

भोपाल, 23 मई ।

मध्य प्रदेश गेहूं उपार्जन के मामले में लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रहा है। न्यूनतम समर्थन मूल्य पर अब तक 13 लाख 10 हजार किसानों से गेहूं की खरीदी कर प्रदेश देश में पहले स्थान पर पहुंच गया है। वहीं लगभग 100 लाख मीट्रिक टन गेहूं उपार्जन के साथ मध्य प्रदेश पंजाब के बाद दूसरे स्थान पर बना हुआ है। प्रदेश में गेहूं खरीदी की प्रक्रिया अभी जारी है।

प्रदेश के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने शनिवार को जानकारी देते हुए बताया कि किसानों को लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से सरकार लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि कोविड-19 अवधि को छोड़ दें तो पिछले एक दशक में इस वर्ष समर्थन मूल्य पर सबसे अधिक गेहूं खरीदा गया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रयासों से केंद्र सरकार ने गेहूं उपार्जन का लक्ष्य 78 लाख मीट्रिक टन से बढ़ाकर 100 लाख मीट्रिक टन कर दिया है।

मंत्री के अनुसार मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव लगातार गेहूं खरीदी की निगरानी कर रहे हैं। उन्होंने खरीदी केंद्रों का निरीक्षण कर तौल व्यवस्था, बारदाने की उपलब्धता और किसानों को मिलने वाली सुविधाओं की समीक्षा भी की। साथ ही किसानों से संवाद कर भुगतान और अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी ली। जिन किसानों ने स्लॉट बुक कर लिए हैं, उनके लिए गेहूं उपार्जन की अवधि 23 मई से बढ़ाकर 28 मई तक कर दी गई है।

सरकार की ओर से किसानों को अब तक उपार्जित गेहूं का 20,680.83 करोड़ रुपये का भुगतान किया जा चुका है। किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए प्रत्येक खरीदी केंद्र पर तौल कांटों की संख्या चार से बढ़ाकर छह की गई है। तौल पर्ची बनाने का समय शाम छह बजे से बढ़ाकर रात 10 बजे तक तथा देयक जारी करने की अवधि रात 12 बजे तक निर्धारित की गई है।

प्रदेश में सप्ताह में छह दिन गेहूं खरीदी की जा रही है। खरीदी केंद्रों पर पेयजल, छायादार बैठने की व्यवस्था सहित आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। किसानों से 2,585 रुपये प्रति क्विंटल समर्थन मूल्य और राज्य सरकार के 40 रुपये बोनस सहित कुल 2,625 रुपये प्रति क्विंटल की दर से गेहूं खरीदा जा रहा है। साथ ही भंडारण की समुचित व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है।

खाद्य मंत्री ने बताया कि उपज की समय पर तौल सुनिश्चित करने के लिए खरीदी केंद्रों पर बारदाना, तौल कांटे, हम्माल-तुलावटी, सिलाई मशीन, कंप्यूटर, गुणवत्ता परीक्षण उपकरण और सफाई के लिए पंखे व छन्ने जैसी व्यवस्थाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं।

|
आज का राशिफल

इस सप्ताह आपके लिए अनुकूल समय है। पेशेवर मोर्चे पर सफलता मिलने के योग हैं। व्यक्तिगत जीवन में भी सुकून और संतोष रहेगा।
भाग्यशाली रंग: लाल
भाग्यशाली अंक: 9
मंत्र: "ॐ हं राम रामाय नमः"

आज का मौसम

भोपाल

30° / 41°

SUNNY

ट्रेंडिंग न्यूज़