भोपाल, 23 मई ।
शादी का झांसा देकर युवती को ब्लैकमेल करने और अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी देकर रुपये मांगने के मामले में भोपाल पुलिस ने पंजाब से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मुख्य आरोपी के साथ उसकी मां को भी हिरासत में लिया है। मामले में पूछताछ जारी है।
महिला एवं बालिका संबंधी अपराधों में त्वरित कार्रवाई के निर्देशों के तहत पुलिस आयुक्त संजय कुमार और अतिरिक्त पुलिस आयुक्त शैलेन्द्र सिंह चौहान के मार्गदर्शन में शाहजहाँनाबाद थाना पुलिस ने यह कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार, शाहजहाँनाबाद क्षेत्र की रहने वाली पीड़िता ने 18 मई 2026 को शिकायत दर्ज कराई थी।
शिकायत में बताया गया कि आरोपी अभिषेक गुप्ता ने शादी का झांसा देकर उसका अश्लील वीडियो तैयार किया और सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देने लगा। आरोप है कि वीडियो सार्वजनिक नहीं करने के एवज में आरोपी ने तीन लाख रुपये की मांग की और जान से मारने की धमकी भी दी।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। तकनीकी साक्ष्यों और लोकेशन ट्रैकिंग के आधार पर पुलिस टीम को पंजाब भेजा गया।
जांच के दौरान पुलिस ने लुधियाना स्टेशन से मुख्य आरोपी अभिषेक कुमार गुप्ता (19) और उसकी मां रंजू बाई (53) को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि आरोपी को रिमांड पर लेकर मामले के विभिन्न पहलुओं पर पूछताछ की जा रही है और आगे की जांच जारी है।





.jpg)







