भोपाल, 23 मई ।
भोपाल में भारत की जनगणना-2027 के प्रथम चरण के अंतर्गत मकान सूचीकरण का कार्य तेज गति से आगे बढ़ रहा है और नगर निगम सीमा क्षेत्र में अब तक 7 लाख से अधिक मकानों की गणना पूर्ण की जा चुकी है।
नगर निगम प्रशासन के अनुसार कुल 3 हजार 285 जनगणना ब्लॉकों में से लगभग 2 हजार 800 ब्लॉकों में सूचीकरण का कार्य लगभग पूरा हो चुका है, जिससे प्रक्रिया अपने निर्धारित लक्ष्य की ओर अग्रसर है।
विभागीय जानकारी के अनुसार प्रगणक निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्य पूर्ण करने के लिए पूरी निष्ठा और तत्परता के साथ फील्ड में जुटे हुए हैं। इसी के परिणामस्वरूप चार्ज क्रमांक 01, 03 और 06 में मकान सूचीकरण का कार्य पूरी तरह संपन्न हो चुका है।
नगर निगम आयुक्त एवं प्रमुख नगर जनगणना अधिकारी संस्कृति जैन द्वारा लगातार जनगणना कार्य की समीक्षा की जा रही है। वे नियमित रूप से फील्ड निरीक्षण कर अधिकारियों को कार्य में गति लाने तथा जमीनी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दे रही हैं।
इसके साथ ही उपायुक्त एवं नगर जनगणना अधिकारी हीरेन्द्र सिंह कुशवाहा द्वारा प्रतिदिन निरीक्षण और वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कार्य की निगरानी की जा रही है। गठित दल द्वारा प्रगणकों के फील्ड कार्य और मोबाइल एप पर दर्ज आंकड़ों की जांच कर कमियों को दूर किया जा रहा है।
जनगणना निदेशालय के जिला प्रभारी तथा मास्टर ट्रेनर्स भी विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचकर प्रगणकों और सुपरवाइजर्स से संवाद कर कार्य में आ रही समस्याओं का समाधान सुनिश्चित कर रहे हैं।






.jpg)







