खजुराहो, 27 मई।
विश्व प्रसिद्ध पर्यटन नगरी खजुराहो के पश्चिमी मंदिर समूह परिसर में बुधवार सुबह अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में '25वें काउंटडाउन महोत्सव' का आयोजन किया गया। केंद्रीय आयुष राज्य मंत्री प्रताप राव जाधव की गरिमामयी उपस्थिति में करीब 800 लोगों ने एक साथ सामूहिक योगाभ्यास किया। कार्यक्रम सुबह 7:50 बजे तक चला। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी वर्चुअल माध्यम से इस आयोजन से जुड़े।
केंद्रीय मंत्री जाधव ने कहा कि बढ़ती उम्र में निरोगी काया पाने के लिए योग एक अचूक माध्यम है। इस वर्ष अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की थीम 'स्वस्थ बुढ़ापे के लिए योग' रखी गई है। इस अवसर पर विशेष योग टी-शर्ट का लोकार्पण किया गया, जिस पर सूर्य नमस्कार को ट्राइबल मोटिफ के जरिए उकेरा गया है। मंत्री ने कहा कि यह पहल 'वोकल फॉर लोकल' और स्वास्थ्य के संदेश को एक साथ जोड़ती है, जिसे हमारे जनजातीय भाई-बहन पूरी मेहनत से तैयार कर रहे हैं।
आयुष मंत्रालय की संयुक्त सचिव मोनालिसा दास ने तनावमुक्त जीवन शैली के लिए योग को दिनचर्या में शामिल करने का आह्वान किया। उन्होंने 14 जून को आयोजित होने वाले गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड के प्रयास में नागरिकों से सक्रिय सहभागिता की अपील की। कार्यक्रम के दौरान खजुराहो को 50 बेड वाले आयुष वेलनेस सेंटर की सौगात दी गई और योग पार्क पोर्टल का भी अनावरण हुआ।
सांसद वी.डी. शर्मा ने प्रधानमंत्री के प्रयासों से योग को मिली वैश्विक ख्याति पर प्रसन्नता व्यक्त की। प्रदेश के संस्कृति मंत्री धर्मेंद्र लोधी, उच्च शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार, विधायक अरविंद पटेरिया और विधायक ललिता यादव सहित अनेक जनप्रतिनिधि कार्यक्रम में सहभागी बने।















