नोएडा (उत्तर प्रदेश), 27 मई।
नोएडा के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुई दुखद घटनाओं से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। हरौला गांव में 17 वर्षीय किशोरी निक्की ने मानसिक तनाव के चलते अपने घर में पंखे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के समय निक्की अपने दो भाइयों के साथ घर पर थी, जबकि माता-पिता अपने पैतृक गांव बिहार गए हुए थे। भाई उसे उपचार के लिए नोएडा के जिला अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस अब इस आत्मघाती कदम के कारणों की गहन पड़ताल कर रही है।
अन्य घटनाओं में भी पुलिस को कई शव मिले हैं। थाना सेक्टर 20 क्षेत्र के निठारी गांव के समीप 48 वर्षीय व्यक्ति मूर्छित अवस्था में मिले, जिन्हें अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। इसी तरह थाना बीटा-दो अंतर्गत 35 वर्षीय सतीश कुमार की भी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। स्वजनों द्वारा अस्पताल में भर्ती कराए जाने के बाद उनकी मृत्यु हो गई।
थाना फेस-1 के अंतर्गत एक अन्य घटना में 42 वर्षीय दीपक की संदिग्ध परिस्थितियों में मृत्यु की सूचना है। पुलिस ने इन सभी मामलों में शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। इसके अलावा थाना जारचा क्षेत्र में एक 45 वर्षीय अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से सनसनी फैल गई। पुलिस इन सभी मामलों में पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है ताकि मौत के सटीक कारणों का खुलासा हो सके।















