देवरिया (उत्तर प्रदेश), 27 मई।
जनपद के बरियारपुर थाना क्षेत्र में घरेलू विवाद ने एक परिवार को तबाह कर दिया। यहां एक विवाहिता ने अपने भाई और एक अन्य रिश्तेदार के साथ मिलकर पति की लाठी-डंडों से पीट-पीटकर निर्मम हत्या कर दी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घटना के दो दिन के भीतर ही तीनों नामजद हत्यारोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। उनके पास से वारदात में इस्तेमाल किए गए लाठी-डंडे भी बरामद कर लिए गए हैं।
अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) सुनील कुमार सिंह ने बताया कि 25 मई की दोपहर डायल-112 के जरिए मुकेश सिंह नामक व्यक्ति के साथ मारपीट की सूचना मिली थी। विशुनपुर कला निवासी मुकेश को उनकी पत्नी संगम देवी, साले जयप्रकाश उर्फ जिउत और रिश्तेदार आदित्य ने लाठी-डंडों से बेरहमी से घायल कर दिया था। गंभीर अवस्था में उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया, जहां से जिला अस्पताल रेफर किए जाने पर उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
मृतक के भाई अवधेश सिंह की शिकायत पर बरियारपुर थाने में हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया था। जांच के दौरान पुलिस ने साक्ष्यों के आधार पर बुधवार को तीनों आरोपितों, संगम देवी, जयप्रकाश और आदित्य को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस टीम में थानाध्यक्ष दीपक सिंह के साथ अन्य कर्मी शामिल रहे, जिन्होंने हत्याकांड का सफल अनावरण किया। आरोपितों के विरुद्ध विधिक प्रक्रिया अपनाते हुए उन्हें जेल भेजने की तैयारी की जा रही है।















