लखनऊ, 01 जून।
उत्तर प्रदेश पुलिस में आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों की सीधी भर्ती-2025 के तहत लिखित परीक्षा 8, 9 और 10 जून को राज्य के 75 जिलों में निर्धारित परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएगी।
इस संबंध में उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड की ओर से अपर सचिव (भर्ती) एवं परीक्षा नियंत्रक सत्यार्थ अनिरुद्ध पंकज द्वारा सोमवार को पत्र जारी किया गया है।
जारी सूचना के अनुसार परीक्षा दो पालियों में संपन्न कराई जाएगी, जिसमें पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक तथा दूसरी पाली दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक होगी। विस्तृत जानकारी बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध कराई गई है, जहां अभ्यर्थी अपनी पंजीकरण संख्या और जन्मतिथि के माध्यम से लॉगिन कर परीक्षा जनपद सूचना पर्ची डाउनलोड कर सकते हैं।
साथ ही अभ्यर्थियों को निर्देशों एवं भर्ती से संबंधित विज्ञप्ति को ध्यानपूर्वक पढ़ने की सलाह दी गई है।
बोर्ड ने यह भी स्पष्ट किया है कि यह सूचना पर्ची प्रवेश पत्र नहीं है, बल्कि परीक्षा केंद्र आवंटन से संबंधित अग्रिम जानकारी मात्र है। अभ्यर्थियों के प्रवेश पत्र परीक्षा तिथि से तीन दिन पूर्व बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध कराए जाएंगे।















