इम्तियाज़ अली की आगामी फिल्म ‘मैं वापस आऊंगा’ का ट्रेलर जारी कर दिया गया है, जिसमें प्रेम, स्मृतियों और रिश्तों की गहराई को भावनात्मक अंदाज़ में प्रस्तुत किया गया है।
मुंबई, 19 मई।
इम्तियाज़ अली की फिल्मों में प्यार सिर्फ एक एहसास नहीं होता, बल्कि एक ऐसा सफर होता है जो अधूरी बातों, चुराई हुई नज़रों और कभी ना मिटने वाली यादों में हमेशा ज़िंदा रहता है। अपनी आने वाली फिल्म ‘मैं वापस आऊंगा’ में इम्तियाज़ एक ऐसी ही कहानी लेकर आए हैं। दिलजीत दोसांझ, नसीरुद्दीन शाह, वेदांग रैना और शरवरी जैसे शानदार कलाकारों से सजी यह फिल्म रिश्तों और इंसानी जुड़ाव की गहराई को एक नए और दिलचस्प अंदाज़ में दिखाती है।
इमोशनल टीज़र और दिल छू लेने वाले गानों से लोगों का दिल जीतने के बाद अब मेकर्स ने फिल्म का बहुप्रतीक्षित ट्रेलर रिलीज़ कर दिया है। यह ट्रेलर हमें प्यार, इंतज़ार और अपनापन से भरी इस खूबसूरत दुनिया की झलक दिखाता है।
इस फिल्म में एक बार फिर ए. आर. रहमान, इरशाद कामिल और इम्तियाज़ अली की मशहूर तिकड़ी साथ आई है, जिन्होंने भारतीय सिनेमा को कई यादगार गाने दिए हैं। फिल्म के अब तक रिलीज़ हुए गानों को भी दर्शकों का खूब प्यार मिला है।
ट्रेलर के बारे में बात करते हुए इम्तियाज़ अली ने कहा, “हम क्या पीछे छोड़ आए? वक्त की नदी पार करते हुए कौन-सा प्यार था जो हमारे दिलों में हमेशा जिंदा रहा? ‘मैं वापस आऊंगा’ प्यार और इंतज़ार की एक ऐसी निजी कहानी है, जो देश के बंटवारे के 78 साल बाद भी किसी के दिल में बसी रही। यह उन सैकड़ों कहानियों की गूंज भी है, जिन्हें मैंने उस पीढ़ी से सुना है जिसने अपनी आंखों से पार्टिशन देखा था। यह फिल्म आज के नज़रिए से उस दौर और उस पीढ़ी की धड़कनों को महसूस करने की कोशिश करती है। इस कहानी पर काम करना और इसे फिल्म के रूप में दर्शकों तक पहुंचाना मेरे लिए गर्व और खुशी की बात है। मैं बिरला स्टूडियोज़, अप्लॉज़ एंटरटेनमेंट और विंडो सीट फिल्म्स के साथ मिलकर प्यार से ‘मैं वापस आऊंगा’ का ट्रेलर पेश कर रहा हूं। 12 जून को सिनेमाघरों में मिलते हैं।”
अप्लॉज़ एंटरटेनमेंट के बिज़नेस हेड (मूवीज़) सुनील चैनानी ने कहा, “टीज़र और म्यूज़िक को दर्शकों से मिला प्यार हमारे लिए बेहद खास रहा है और अब हम ट्रेलर रिलीज़ करते हुए बहुत उत्साहित हैं। ट्रेलर फिल्म की भावनाओं और उसके बड़े सिनेमाई कैनवास की झलक जरूर देता है, लेकिन यह कहानी जितनी खूबसूरत और असरदार है, उसका असली अनुभव बड़े पर्दे पर ही महसूस किया जा सकता है। इम्तियाज़ अली, ए. आर. रहमान और इरशाद कामिल जैसे दिग्गजों के साथ इस सफर का हिस्सा बनना हमारे लिए गर्व की बात है। ‘मैं वापस आऊंगा’ एक बेहद भावुक और दिल में उतर जाने वाला सिनेमाई अनुभव है और हम बेसब्री से इंतज़ार कर रहे हैं कि दर्शक इसे सिनेमाघरों में देखें।”
बिरला स्टूडियोज़ और अप्लॉज़ एंटरटेनमेंट के साथ मोहित चौधरी और विंडो सीट फिल्म्स के शिबाशीष सरकार द्वारा निर्मित यह फिल्म 12 जून 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज़ होगी। फिल्म का संगीत टिप्स म्यूज़िक पर जारी किया गया है।