नई दिल्ली , 20 मई ।
नई दिल्ली नगरपालिका परिषद के उपाध्यक्ष के नेतृत्व में बुधवार को आगामी भारत-अफ्रीका शिखर सम्मेलन की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई, जिसमें सभी विभागों ने अपने-अपने कार्यों की प्रगति की जानकारी दी।
इस दौरान अधिकारियों ने “वर्क फ्रॉम होम” व्यवस्था के तहत वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में भाग लिया और विभिन्न व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में निर्देश दिए गए कि 28 मई से 1 जून तक एनडीएमसी क्षेत्र में रात्रिकालीन सफाई और स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक मजबूत किया जाएगा तथा प्रमुख मार्गों, वीआईपी क्षेत्रों और बाजारों में विशेष सफाई व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।
समीक्षा के दौरान यह भी बताया गया कि सभी फील्ड स्टाफ को ड्यूटी पर अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए हैं और आपातकालीन स्थिति को छोड़कर अवकाश पर रोक रहेगी।
उद्यान विभाग को विशेष जिम्मेदारी देते हुए प्रमुख स्थानों पर गमलों, पौधों और हरित सजावट की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं, साथ ही पेड़ों की छंटाई और ग्रीन एरिया की सफाई पर भी जोर दिया गया है।
प्रमुख गोल चक्करों और होटलों के आसपास सजावटी लाइटिंग की व्यवस्था की जाएगी, ताकि शहर की सुंदरता और अधिक आकर्षक दिखाई दे।
सभी कार्यों की निगरानी के लिए ऑनलाइन मॉनिटरिंग सिस्टम तैयार किया गया है, जिससे रियल टाइम निगरानी और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सकेगी।
सीवरेज व्यवस्था के सुचारु संचालन के लिए 24×7 कंट्रोल रूम सक्रिय रहेगा और इस दौरान किसी भी प्रकार की सड़क खुदाई की अनुमति नहीं दी जाएगी।
इसके अलावा विभिन्न स्थानों पर एलईडी और डिस्प्ले यूनिट्स के माध्यम से शिखर सम्मेलन की थीम और भारत की सांस्कृतिक छवि को प्रदर्शित किया जाएगा।
अधिकारियों ने कहा कि इस अंतरराष्ट्रीय आयोजन के माध्यम से देश की स्वच्छता, व्यवस्था और सांस्कृतिक पहचान को वैश्विक स्तर पर प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा।




.jpg)







