काठमांडू, 19 मई।
नेपाल के पूर्वी झापा जिले के मेचीनगर स्थित कांकड़भिट्टा सीमा क्षेत्र में सशस्त्र प्रहरी बल और कस्टम कार्यालय की संयुक्त कार्रवाई के दौरान एक भारतीय नागरिक को बड़ी मात्रा में सोना और विदेशी मुद्रा के साथ गिरफ्तार किया गया है, जहां जांच के दौरान उसके पास से 570 ग्राम सोना और 20 हजार अमेरिकी डॉलर सहित अन्य विदेशी मुद्रा बरामद हुई।
जानकारी के अनुसार भारत से सिटी सफारी वाहन के माध्यम से नेपाल में प्रवेश कर रहे 39 वर्षीय भारतीय नागरिक परम पाठक को विशेष सूचना के आधार पर मंगलवार सुबह सीमा जांच के दौरान रोका गया, जिसके बाद तलाशी में उसके पास से सोना, अमेरिकी डॉलर के साथ-साथ 85 हजार 410 भारतीय रुपये भी मिले, वहीं उसके पास से आधार कार्ड, दो मोबाइल फोन, एक हार्ड डिस्क, बैंक चेक और सात सिम कार्ड भी बरामद किए गए।
सशस्त्र प्रहरी बल के प्रवक्ता ने बताया कि बरामद सामग्री और गिरफ्तार व्यक्ति को आगे की कार्रवाई के लिए मेची भंसार कार्यालय कांकड़भिट्टा को सौंप दिया गया है, जबकि यह भी जांच की जा रही है कि वह नेपाल में प्रवेश किस उद्देश्य से कर रहा था और इस पूरे मामले के पीछे क्या गतिविधियां हो सकती हैं।






.jpg)







