इंदौर, 19 मई ।
इंदौर शहर में क्राइम ब्रांच पुलिस ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए सुपर कॉरिडोर क्षेत्र में घेराबंदी कर एक कार से भारी मात्रा में एमडी ड्रग्स बरामद की है। इस कार्रवाई में पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है और उनके कब्जे से हथियार भी मिले हैं।
पुलिस के अनुसार बरामद ड्रग्स की मात्रा करीब एक किलो है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग एक करोड़ रुपये आंकी गई है। इसके साथ ही एक देसी कट्टा और एक जिंदा कारतूस भी जब्त किया गया है।
अतिरिक्त पुलिस अधिकारी ने बताया कि विश्वसनीय सूचना के आधार पर क्राइम ब्रांच की टीम ने सुबह के समय सुपर कॉरिडोर पर घेराबंदी की थी। इसी दौरान काले रंग की स्कॉर्पियो कार और दो बाइक मौके पर पहुंचीं, जिन्हें रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन आरोपी भागने लगे। इस दौरान स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई।
पुलिस ने मौके पर घेराबंदी कर कार को जब्त किया और पांचों आरोपितों को पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपितों में अलग-अलग जिलों के निवासी शामिल हैं, जिनमें झालावाड़, उज्जैन और इंदौर के लोग शामिल बताए गए हैं। तलाशी के दौरान वाहन से ड्रग्स, हथियार, बाइक और अन्य सामान बरामद किया गया।
पुलिस ने कुल जब्त सामग्री की कीमत लगभग एक करोड़ इक्कीस लाख रुपये से अधिक बताई है। सभी आरोपितों को रिमांड पर लेकर उनसे गहन पूछताछ की जाएगी ताकि पूरे ड्रग्स सप्लाई नेटवर्क का खुलासा किया जा सके।
जांच में यह भी सामने आया है कि कुछ आरोपित सैलून और रैपिडो जैसे कामों से जुड़े हैं, जबकि अन्य खेती-किसानी करते हैं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इतनी बड़ी मात्रा में ड्रग्स कहां से लाई गई और इसे कहां सप्लाई किया जाना था।






.jpg)







