बेरूत, 19 मई।
इजराइल और लेबनान के बीच जारी संघर्ष में दो मार्च से अब तक लगातार हिंसा जारी है और अमेरिका की मध्यस्थता के बावजूद युद्धविराम का कोई ठोस असर नहीं दिख रहा है। दक्षिणी लेबनान में सोमवार को हुए हमलों में कम से कम सात लोगों की मौत हुई। लेबनान के स्वास्थ्य मंत्रालय ने जानकारी दी कि इस अवधि में इजराइली हमलों में 3,000 से अधिक लोग मारे गए हैं।
मंत्रालय के अनुसार, दो मार्च से 18 मई तक मरने वालों की संख्या 3,020 हो गई है, जबकि 9,273 लोग घायल हुए हैं। मृतकों में 18 वर्ष या उससे कम आयु के 211 बच्चे और 116 स्वास्थ्यकर्मी भी शामिल हैं। हिजबुल्लाह ने बताया कि उसने दक्षिण के गांवों पर हुए हमलों का जवाब देते हुए रशाफ में इजराइली सैनिकों पर ड्रोन से हमला किया।
स्थानीय लोग बता रहे हैं कि इजराइल और लेबनान में युद्धविराम केवल नाममात्र का ही है। 16 अप्रैल को दोनों देशों ने पहली बार 10 दिन का सीज फायर लागू करने पर सहमति जताई थी, लेकिन इसका कोई असर नहीं हुआ। इसके बाद सीज फायर को तीन सप्ताह के लिए बढ़ाया गया, पर हमले लगातार जारी रहे।
15 मई को एक बार फिर 45 दिन के सीज फायर पर सहमति बनी, फिर भी हिंसा थमने का नाम नहीं ले रही। संघर्ष के चलते क्षेत्र में जान-माल का भारी नुकसान हुआ है और स्थानीय नागरिक भय और असुरक्षा की स्थिति में जीवन यापन करने को मजबूर हैं।






.jpg)





