मुंबई, 20 मई ।
दिग्गज अभिनेता जैकी श्रॉफ अब एक नए अवतार में दर्शकों के सामने आने के लिए तैयार हैं। एक्शन, कॉमेडी और पारिवारिक फिल्मों में अपनी अलग पहचान बना चुके जैकी जल्द ही हॉरर फिल्म ‘खेती’ में नजर आएंगे। इस फिल्म में उनके साथ अभिनेता शरद केलकर भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। फिल्म का पहला मोशन पोस्टर जारी कर दिया गया है, जिसने रिलीज के साथ ही दर्शकों में उत्सुकता बढ़ा दी है।
मोशन पोस्टर में एक सुनसान खेत और उसके पीछे दिखाई देने वाली रहस्यमयी आकृति ने डर और सस्पेंस का माहौल पैदा किया है। बैकग्राउंड में इस्तेमाल की गई रहस्यमय ध्वनियां इस दृश्य को और अधिक भयावह बनाती हैं। निर्माताओं के अनुसार फिल्म केवल हॉरर तक सीमित नहीं है, बल्कि इसमें पारिवारिक रिश्तों, विरासत और अनसुलझे रहस्यों की परतें भी दिखाई जाएंगी, जो कहानी को अलग आयाम देती हैं।
फिल्म ‘खेती’ का लेखन एवं निर्देशन हारिस इम्तियाज खान ने किया है, जबकि इसका निर्माण ब्लैककैनवास स्टूडियो के बैनर तले हुआ है। इसमें जैकी श्रॉफ और शरद केलकर के अलावा नेहा संग्राम, वीरेंद्र सक्सेना और शाजी चौधरी भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। हालांकि, फिल्म की रिलीज तारीख अभी घोषित नहीं की गई है।






.jpg)





