जयपुर, 22 मई ।
सांगानेर सदर थाना क्षेत्र में एनडीपीएस यूनिट की सूचना पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक गांजा तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 4.750 किलोग्राम मादक पदार्थ बरामद किया है। आरोपी से फिलहाल पूछताछ की जा रही है और उसके नेटवर्क की जांच भी शुरू कर दी गई है।
पुलिस उपायुक्त जयपुर दक्षिण राजर्षि राज ने जानकारी देते हुए बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान मोहम्मद जमालुद्दीन (24) निवासी ग्राम सिसोनी, थाना मरोना, जिला सुपौल (बिहार) के रूप में हुई है। कार्रवाई के दौरान एनडीपीएस यूनिट ने आरोपी के पास से गांजा बरामद किया।
बरामदगी के बाद आरोपी और मादक पदार्थ को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए सांगानेर सदर थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि यह नशा कहां से लाया गया और इसे किसे सप्लाई किया जाना था।
अधिकारियों के अनुसार राज्य के बाहर से आने वाले नशा तस्करों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है और उनके खिलाफ अभियान लगातार चलाया जा रहा है। यह कार्रवाई स्पेशल पुलिस कमिश्नर के निर्देशन में एनडीपीएस यूनिट टीम द्वारा की गई।






.jpg)






