अपराध
22 May, 2026

जयपुर में आईपीएल सट्टा रैकेट का भंडाफोड़, तीन आरोपी गिरफ्तार

जयपुर में सीएसटी पुलिस ने आईपीएल मैचों पर हाईटेक ऑनलाइन सट्टा संचालित करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर भारी उपकरण और दस्तावेज बरामद किए।

जयपुर, 22 मई ।

जयपुर कमिश्नरेट की स्पेशल टीम (सीएसटी) ने आईपीएल मैचों पर ऑनलाइन सट्टेबाजी और अवैध खाईवाली के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए खोरा बिसल क्षेत्र में चल रहे एक हाईटेक सट्टा गिरोह का भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर भारी मात्रा में इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, बैंकिंग दस्तावेज और सट्टे से जुड़े रिकॉर्ड जब्त किए हैं।

पुलिस उपायुक्त अपराध संजीव नैन ने जानकारी देते हुए बताया कि सीएसटी टीम लंबे समय से अवैध सट्टा कारोबारियों पर नजर रख रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि खोरा बिसल थाना क्षेत्र के गोविंद नगर स्थित एक किराए के मकान में आईपीएल मैचों पर ऑनलाइन सट्टा संचालित किया जा रहा है।

सूचना के आधार पर सीएसटी और खोरा बिसल थाना पुलिस ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए निवारू रोड स्थित गोविंद नगर 11-सी के मकान नंबर 389 पर दबिश दी। पुलिस के पहुंचते ही वहां इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के माध्यम से हाईटेक तरीके से सट्टा संचालन होता पाया गया। उस समय गुजरात टाइटंस और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच चल रहे आईपीएल मुकाबले पर बड़े पैमाने पर दांव लगाए जा रहे थे।

पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे “डीएक्स-13” सट्टा लाइन के जरिए लोगों को जोड़कर ऑनलाइन सट्टेबाजी कर रहे थे और इस पूरे नेटवर्क में उनकी हिस्सेदारी भी शामिल थी।

गिरफ्तार आरोपियों में प्रदीप कुमार (36) निवासी समरपुरा, जिला चूरू, अंकित पूनिया (21) निवासी समरपुरा, जिला चूरू और संजय कुमार (34) निवासी गीगलाना, जिला कोटपुतली-बहरोड़ शामिल हैं। ये सभी आरोपी वर्तमान में खोरा बिसल क्षेत्र के उक्त मकान में किराए पर रह रहे थे।

पुलिस ने मौके से 15 मोबाइल फोन, 5 लैपटॉप, 9 चार्जर, वाईफाई सेटअप बॉक्स, 24 एटीएम कार्ड, 11 बैंक पासबुक और सट्टे के लेन-देन से जुड़े कई रजिस्टर बरामद किए हैं। इसके अतिरिक्त अन्य कार्रवाई में और भी इलेक्ट्रॉनिक उपकरण तथा दस्तावेज मिलने की जानकारी सामने आई है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपियों से पूछताछ जारी है और इस सट्टा नेटवर्क के मुख्य संचालकों तथा अन्य जुड़े लोगों की तलाश की जा रही है। साथ ही बैंक खातों के माध्यम से हुए लेन-देन की गहन जांच की जा रही है, जिससे बड़े नेटवर्क का खुलासा होने की संभावना है।

|
आज का राशिफल

इस सप्ताह आपके लिए अनुकूल समय है। पेशेवर मोर्चे पर सफलता मिलने के योग हैं। व्यक्तिगत जीवन में भी सुकून और संतोष रहेगा।
भाग्यशाली रंग: लाल
भाग्यशाली अंक: 9
मंत्र: "ॐ हं राम रामाय नमः"

आज का मौसम

भोपाल

30° / 41°

SUNNY

ट्रेंडिंग न्यूज़