जलपाईगुड़ी, 21 मई।
जिले में गुरुवार तड़के आए भीषण आंधी-तूफान ने व्यापक स्तर पर तबाही मचाई, जिससे जलपाईगुड़ी सदर ब्लॉक के नंदनपुर-बोयालमारी पंचायत तथा मंडलघाट क्षेत्र के कई गांव गंभीर रूप से प्रभावित हो गए।
इस तूफान से सैकड़ों घरों को नुकसान पहुंचा है, जबकि तांती आयड़ा, ठाकपाड़ा, बनियापाड़ा, बोडापाड़ा सहित मंडलघाट और कोरानीपाड़ा क्षेत्रों में स्थिति अधिक खराब रही।
सुबह करीब साढ़े तीन बजे अचानक तेज हवाओं के साथ आए इस तूफान ने कई स्थानों पर पेड़ों को उखाड़ दिया और बिजली के खंभों को गिरा दिया, जिससे पूरे क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति ठप हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासन सक्रिय हो गया और प्रभावित क्षेत्रों में तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।
सिविल डिफेंस की टीमों को प्रभावित इलाकों में भेजा गया है, जहां युद्ध स्तर पर राहत कार्य चल रहा है, साथ ही गिरे हुए पेड़ों को हटाने और बिजली आपूर्ति बहाल करने का काम तेजी से जारी है।













