झांसी, 22 मई ।
जनपद झांसी में ऑनलाइन सट्टेबाजी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना नवाबाद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक सर्वर प्रोवाइडर को गिरफ्तार किया है, जो आईपीएल मैचों पर ऑनलाइन सट्टा संचालित करने वाले गिरोह से जुड़ा हुआ बताया जा रहा है। इस कार्रवाई में पुलिस ने मोबाइल फोन और लैपटॉप भी बरामद किए हैं, जबकि नौ अन्य सटोरियों की तलाश जारी है।
पुलिस लाइन सभागार में आईपीएस अधिकारी अरीबा नोमान ने जानकारी देते हुए बताया कि थाना नवाबाद पुलिस ने शुक्रवार को ऑनलाइन बैंकिंग एप के माध्यम से आईपीएल मैचों पर सट्टा खिलाने वाले गिरोह के खिलाफ कार्रवाई की। जांच के दौरान सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी सर्वर प्रोवाइडर की भूमिका निभा रहा था।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान इंदौर निवासी सॉफ्टवेयर इंजीनियर शिवेश चव्हाण पुत्र अशोक चव्हाण के रूप में हुई है। उसे इलाहाबाद बैंक चौराहे के पास से गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से सैमसंग गैलेक्सी एस-25 अल्ट्रा, वीवो वी-5 प्रो मोबाइल फोन और एएसयूएस कंपनी का सिल्वर रंग का लैपटॉप बरामद किया गया।
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह ऑनलाइन बैंकिंग एप के लिए सर्वर उपलब्ध कराता था और इसी के माध्यम से सट्टेबाजी का नेटवर्क संचालित किया जाता था। पुलिस जांच में डीबीडब्ल्यूएम99 डॉट कॉम और गोराह247 डॉट कॉम नामक डोमेन के जरिए सट्टा संचालन की जानकारी भी सामने आई है।
पुलिस के अनुसार इस गिरोह में गेम डेवलपर, सुपर मास्टर एजेंट, ब्रोकर और अन्य एजेंट शामिल हैं, जिनकी पहचान कर ली गई है। मामले में कई आरोपी फरार हैं और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक रवि श्रीवास्तव, उपनिरीक्षक मोहित कुमार, कांस्टेबल भूपेंद्र कुमार और जितेंद्र कुमार सहित थाना नवाबाद पुलिस के अन्य सदस्य शामिल रहे। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि ऑनलाइन सट्टेबाजी और साइबर अपराध के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
फरार आरोपियों में पप्पू यादव उर्फ पप्पू चिकना, पंकज राय, सौरभ लिखधारी, सोनू चड्ढा (कानपुर), हरीश कुमार, आकाश चंचलानी, सुमित साहू, रोशन मुंशी और नीरज गोस्वामी शामिल बताए गए हैं, जिनकी तलाश की जा रही है।






.jpg)







