रांची, 18 मई।
झारखंड में 20 मई को मौसम का मिजाज अचानक बदलने की संभावना जताई गई है, जिसके चलते राजधानी रांची सहित 18 जिलों के लिए मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। पूर्वी और मध्य झारखंड में तेज बारिश, वज्रपात और तेज हवाओं की आशंका व्यक्त की गई है।
मौसम विभाग के अनुसार इन क्षेत्रों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। कई इलाकों में गरज के साथ बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है।
जिन जिलों के लिए यह अलर्ट जारी किया गया है उनमें रांची, खूंटी, रामगढ़, हजारीबाग, बोकारो, कोडरमा, गिरिडीह, धनबाद, देवघर, जामताड़ा, दुमका, साहिबगंज, पाकुड़, गोड्डा, सरायकेला-खरसावां और पूर्वी सिंहभूम शामिल हैं।
विभाग का कहना है कि इन क्षेत्रों में मौसम तेजी से बदल सकता है और कहीं-कहीं अचानक तेज बारिश के साथ वज्रपात की घटनाएं भी हो सकती हैं।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी और स्थानीय मौसमी परिस्थितियों के कारण राज्य में मौसम अस्थिर बना हुआ है। इसी वजह से आने वाले दिनों में बादल छाने, तेज हवाएं चलने और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना बनी रहेगी।
पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के अलग-अलग हिस्सों में मौसम का मिला-जुला असर देखा गया। डाल्टनगंज में अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो राज्य में सबसे अधिक रहा, जबकि गुमला में न्यूनतम तापमान 21.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। इस अवधि में पाकुड़िया में 10 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई, वहीं बिशनपुर और बानो में भी हल्की बारिश हुई।
सोमवार को रांची और आसपास के क्षेत्रों में सुबह तेज धूप और उमस रही। दोपहर बाद बादल छाने के साथ कुछ देर ठंडी हवाएं चलीं, जिससे गर्मी से थोड़ी राहत मिली, लेकिन बाद में फिर तेज धूप निकल आई।
राज्य के प्रमुख शहरों में रांची में अधिकतम तापमान 35 डिग्री और न्यूनतम 25.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जमशेदपुर में 39.6 और 29.6 डिग्री, डाल्टनगंज में 41 और 26.1 डिग्री, बोकारो में 40.1 और 26.1 डिग्री तथा चाईबासा में 38 और 25.6 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।
मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहें तथा किसानों और खुले में काम करने वालों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।





.jpg)







