कटनी, 21 मई ।
कटनी जिले के कुठला थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-30 स्थित चाका बाईपास के पास गुरुवार शाम तेज रफ्तार कार और ट्रक की आमने-सामने टक्कर में भीषण सड़क हादसा हो गया, जिसमें दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोग अंदर फंस गए, जिसके बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत कार्य शुरू करते हुए पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही कुठला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से कार में फंसे घायलों को बाहर निकालकर एंबुलेंस के माध्यम से जिला अस्पताल भेजा गया, जहां उनका उपचार शुरू किया गया।
जानकारी के अनुसार हादसे में शामिल सभी लोग उत्तर प्रदेश के रहने वाले थे, जो महाकालेश्वर मंदिर में दर्शन करने के बाद अपने घर लौट रहे थे, इसी दौरान यह दुर्घटना हो गई।
जिला अस्पताल में डॉक्टरों ने प्रतापगढ़ जिले के कुंडा निवासी अमित सिंह को मृत घोषित कर दिया, जबकि एक अन्य मृतक की पहचान देर रात तक नहीं हो सकी, वहीं घायलों में तीन युवकों की स्थिति गंभीर बनी हुई है।
दो गंभीर घायलों को बेहतर उपचार के लिए जबलपुर रेफर किया गया है, जबकि पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन जब्त कर जांच शुरू कर दी है और प्रारंभिक तौर पर तेज रफ्तार व लापरवाही को हादसे का कारण माना जा रहा है।






.jpg)







