फतेहपुर, 23 मई ।
कल्याणपुर थाना क्षेत्र में खेत में पानी जाने को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जिसमें बड़े भाई द्वारा लाठी से किए गए हमले में घायल छोटे भाई की इलाज के दौरान मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार ममरेजपुर गांव निवासी कमल सिंह राजपूत (39) खेत में सिंचाई कर रहे थे, तभी पानी उनके बड़े भाई अनिल कुमार राजपूत के खेत में चला गया। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई और विवाद बढ़ते-बढ़ते मारपीट में बदल गया।
आरोप है कि इस दौरान बड़े भाई अनिल ने लाठी से कमल सिंह पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को शांत कराया, जिसके बाद घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
मृतक की पत्नी ममता देवी ने आरोप लगाया है कि आरोपी पहले भी कई बार उनके पति पर हमले की कोशिश कर चुका था और परिवार में पहले से तनाव का माहौल था। वहीं ग्रामीणों के अनुसार भी पूर्व में भी विवाद और हिंसक घटनाएं सामने आ चुकी हैं।
पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया है और फरार आरोपी की तलाश की जा रही है।






.jpg)






